कांग्रेस का भाजपा सरकार पर नकली-शराब बेचने का आरोप:कहा-सस्ती बीयर पर महंगे ब्रांड का लोगो लगाकर हो रही बिक्री,बीजेपी बोली-कांग्रेस के पास मुद्दा नहीं

कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर अवैध और नकली शराब बेचने का आरोप लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि पहले से ही नकली शराब बाजार में बिक रही थी। अब कुछ लोग सस्ती बीयर की बोतल पर महंगे ब्रांड का नाम और लोगो लगाकर बेच रहे हैं। हाल ही में सूरजपुर में ऐसा मामला सामने आया, जहां एक ही बोतल पर दो अलग-अलग ब्रांड के लोगो मिले। कांग्रेस का सरकार पर आरोप- सस्ती बीयर में महंगे ब्रांड का लोगो कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि पहले नकली शराब बेची जा रही थी और अब सस्ती बीयर की बोतल पर महंगे ब्रांड का लोगो लगाकर बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा, हाल ही में सूरजपुर के लटोरी दुकान में ऐसा मामला सामने आया, जहां एक ही बियर की बोतल पर दो-दो ब्रांड के लोगो लगे थे। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने भी इसे स्वीकार किया है। धनंजय ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के समय सरकारी शराब दुकानों में बड़ा खेला हो रहा है। महिलाएं शराबबंदी की मांग कर रही हैं, लेकिन सरकार शराब बेचकर ज्यादा मुनाफा कमाने की रणनीति बना रही है। सस्ते दाम में शराब खरीदकर महंगे ब्रांड का लेबल लगाना पूरे प्रदेश में हो रहा है। भाजपा का पलटवार- कांग्रेस मुद्दाविहीन, बेबुनियाद आरोप भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के पास मुद्दे नहीं हैं, इसलिए वह शराब के मामले पर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा- भाजपा सरकार में कहीं भी नकली शराब नहीं बिक रही है। अगर कोई ऐसा करता है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा और कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। क्या है पूरा मामला सूरजपुर के लटोरी सरकारी वाइन शॉप में बीयर के कैन पर दो-दो अलग-अलग ब्रांड के लेबल लगे हुए पाए गए। एक ग्राहक ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद शराब पीने वालों ने सप्लायर और दुकानदार पर कमीशनखोरी और मिलीभगत का आरोप लगाया। जांच में पता चला कि लटोरी और आसपास के चार दुकानों में करीब 800 ऐसे बीयर कैन मौजूद थे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, यह नकली बीयर सप्लाई का मामला है और यह लंबे समय से चल रहा था। मामले की जानकारी मिलने के बाद आबकारी विभाग ने तुरंत इस बीयर की बिक्री रोक दी है और पूरी जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *