कांग्रेस का ‘मनरेगा बचाओ’ अभियान जारी:पिंडवाड़ा ब्लॉक के गांवों में जनसंपर्क कर बैठकें आयोजित, मनेरगा बचाओ देश बचाओ के नारे लगाए

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सिरोही जिले में ‘मनरेगा बचाओ महासंग्राम अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पिंडवाड़ा के तत्वावधान में तेलपुर, वीरवाड़ा, नया सानवाड़ा और उंदरा गांवों में बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लीलाराम गरासिया मुख्य अतिथि थे, जबकि पूर्व चेयरमैन अचलसिंह बालियां और ब्लॉक अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह देवड़ा ने अध्यक्षता की। अभियान को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष एवं आबू पिंडवाड़ा विधानसभा प्रत्याशी लीलाराम गरासिया ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार मनरेगा को बंद करना चाहती है। उन्होंने कहा कि सरकार ने न केवल मनरेगा का नाम बदला है, बल्कि इसे खत्म करने की कोशिश भी कर रही है। गरासिया ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा सरकार की मनरेगा बंद करने की कोशिशों को कभी सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने बताया कि पूरे देश में कांग्रेस पार्टी द्वारा ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ चलाया जा रहा है, जिसके तहत गांव-गांव जाकर लोगों को मनमोहन सिंह सरकार द्वारा दिए गए अधिकारों और भाजपा सरकार के कथित प्रयासों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। गरासिया ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजन से मनरेगा के लिए भी संघर्ष करने का आह्वान किया, जैसा कि उन्होंने अरावली को बचाने के लिए किया था। उन्होंने सरकार से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की। उन्होंने यह भी बताया कि पहले यह एक अधिकार के रूप में था, जिसमें केंद्र की यूपीए सरकार द्वारा प्रत्येक परिवार को 100 दिन की मजदूरी की गारंटी दी गई थी, लेकिन अब भाजपा सरकार इसे बंद करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले मनरेगा में संपूर्ण बजट केंद्र सरकार के द्वारा दिया जा रहा था, अब नए कानून में न केवल इन्होंने नाम बदला है बल्कि 60 फीसदी पैसा केंद्र सरकार से और 40 फीसदी पैसा राज्य सरकार से देने का प्रावधान किया है, जिससे प्रतीत होता है कि केंद्र सरकार की नीयत में खोट है और धीरे-धीरे मनरेगा को बंद करने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस मनरेगा को किसी भी कीमत पर बंद नहीं करने देंगी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मनरेगा को बंद करने की साजिश के विरोध में सड़क पर उतरकर जन जागरण अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह देवड़ा ने कहा कि सिरोही जिला पूरे देश में सबसे पहले मनरेगा कानून लागू होने वाला जिला है। मनरेगा के चालू होने के बाद यहां के लोगों को मजदूरी के लिए बाहर पलायन नहीं करना पड़ा और मनरेगा यहां के मजदूरों के लिए जीविका उपार्जन का माध्यम बन गया, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार जो पूंजीपतियों की सरकार है, वह मनरेगा को बंद करने की कोशिश कर रहा है। जिससे आमजन के हक को मारा जा रहा है। पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अचल सिंह बलिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार की मनरेगा को खत्म करने की जो कोशिश है, वह कांग्रेस का कार्यकर्ता कभी पूरी नहीं होने देगा। जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जो मनरेगा बचाओ,जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है। पूरे ब्लॉक में गांव गांव, ढाणी ढाणी, प्रत्येक व्यक्ति तक यह मनरेगा बचाओ अभियान को ले जाया जाएगा और कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता मनरेगा को बचाने के लिए सदैव तत्पर रहेगा। इस अवसर पर पूर्व विधायक गंगा बेन गरासिया, मंडल अध्यक्ष अब्दुल खान, जगदीश रायका, परबत सिंह काबा, घनश्याम सिंह देवड़ा,पूर्व सरपंच ईश्वर सिंह दहिया, मोहन लाल गर्ग, शैतान लाल गर्ग, कालू सिंह देवड़ा, दीतराम गरासिया, मनोज चौधरी, प्रताप मेघवाल समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे। सभी ने मनरेगा के मूल स्वरूप में रखने को लेकर मनेरगा बचाओ देश बचाओ नारे लगाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *