एसआईआर में दावे आपत्तियों के अंतिम दिन सोमवार को कोटा में पूर्व यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल की अगुवाई में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राखी गौतम और पिपल्दा विधायक चेतन पटेल कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। जिला निर्वाचन अधिकारी पीयूष सामरिया से मिलकर पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाए। राखी ने कहा कि भाजपा की हर विधानसभा में 20-30 हजार कांग्रेस समर्थित नाम काटने का साजिश थी। हमारे कार्यकर्ता समय पर सक्रिय हो गए, इसलिए इनके मंसूबे सफल नहीं हुए। भाजपा वालों का बस चले तो यह कांग्रेस के सभी वोटरों को मताधिकार से वंचित कर दें। इस पर भाजपा से कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस शुरू से एसआईआर का विरोध कर रही है क्योंकि इनको बांग्लादेशी और रोहिंग्या पसंद है। बांग्लादेशी और रोहिंग्या के नाम कटना तय हो गया है। मेरे विधानसभा में भी 4632 आपत्तियां दी हैं, इसमें कांग्रेस के पेट में क्यों दर्द है। हमारे बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने इन पर संदेह जताया है कि ये लोग शिफ्ट हो गए, कहीं दो जगह नाम है। इनकी जांच हो जाएगी। संदीप शर्मा के इस बयान पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राखी गौतम ने पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस पर आरोप लगाना भाजपा के लिए कोई नई बात नहीं है। बांग्लादेशी और रोहिंग्याओं का नाम कटना तय है तो बता दें कि कोटा जिले में कितने बांग्लादेशी और रोहिंग्या रह रहे है। एसआईआर प्रक्रिया हो चुकी है तो अब तो नाम सामने आ चुके होंगे। प्रशासन बताएं कि जिले में कितने घुसपैठिए चिन्हीत किए गए हैं। राखी गौतम ने कहा कि अब तक लोगों से वोट लेकर आते रहे हैं, सत्ता में बैठ गए और उन्हीं वोटर्स को घुसपैठिया बीजेपी के विधायक बता रहे है। या तो उन्होंने ही इन घुसपैठियों को पनाह दी या उन्हीं की वजह से सत्ता में आ रहे है। इसका जवाब बीजेपी के नेता दे दे। साफ जाहिर है कि बीजेपी काम कर नहीं रही है और अब एसआईआर के जरीये लोगों के नाम खासकर उनके जो कांग्रेस विचारधारा के हैं, उनके नाम काटने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले में एक भी घुसपैठिया है तो हम बीजेपी के साथ रहेंगे और खुद चलकर उनको यहां से निकालेंगे, लेकिन साबित करो कि जिले में बांग्लादेशी और रोहिंग्या रह रहे हैं और यही वो लोग है जिनके नाम बीजेपी काटने की कोशिश कर रही है। इसे लेकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन भी दिया गया है और उनसे मांग की गई है कि जिले में कितने घुसपैठिए हैं उनके नाम जारी किए जाए।


