भास्कर न्यूज | बालोद नगरीय निकाय चुनाव के तहत अध्यक्ष व पार्षद पद के लिए 11 फरवरी को वोटिंग होगी। इस लिहाज से प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रत्याशियों के पास सिर्फ 3 दिन का समय बाकी है। पार्टियों के अलावा प्रशासनिक अमला भी चुनाव गतिविधियों को लेकर जरूरी गतिविधियां करवा रहे हैं। नगरीय निकाय चुनाव के लिए बालोद में अधिकारी व कर्मचारियों को प्रशिक्षण में ईवीएम संबंधित जानकारी दी जा चुकी है। 10 फरवरी तक प्रचार-प्रसार का दौर चलेगा। ऐसे में सुबह से देर रात तक पार्टी के नेता, प्रत्याशी डोर टू डोर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। वार्ड से लेकर शहर की सत्ता (अध्यक्ष पद) हासिल करने भाजपा व कांग्रेस दोनों पार्टी एक-एक वोट पाने मशक्कत कर रही है। वहीं दूसरी ओर बालोद व दल्लीराजहरा नगर पालिका के 5-5 वार्डों का समीकरण कांग्रेस के 5, भाजपा के 6 बागी मैदान में उतरकर बिगाड़ रहे हैं। बागियों पर पार्टी की ओर से नोटिस, निष्कासन का दौर जारी है। निष्कासन के मामले में भाजपा आगे है। अब तक जिले के 5 निकाय के 23 नेताओं, कार्यकर्ताओं को 6 साल के लिए निष्कासित किया जा चुका है। वहीं कांग्रेस की ओर से अब तक सूची तैयार नहीं की गई है। जिले के 3 नगरीय िनकायों में अध्यक्ष प्रत्याशियों को िमल रही कड़ी चुनौती दल्ली, अर्जुन्दा, लोहारा निकाय में अध्यक्ष के खिलाफ भाजपा के बागी मैदान में है। दल्ली नपा में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ नपा के पूर्व उपाध्यक्ष संतोष देवांगन चुनाव मैदान में है। नगर पंचायत अर्जुन्दा में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ भाजपा नेता प्रणेश जैन, रोमन सोनकर चुनाव लड़ रहें है। इसी तरह पार्षद पद के लिए वार्ड 1 के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ प्रभा सोनकर, 3 से रोशन सिन्हा, थिनेश्वरी सोनकर, 8 से दिलीप ठाकुर, 9 से योगेश देवांगन, 11 से शत्रुघन यादव, 12 से ईश्वर देवांगन मैदान में हैं। नपा दल्लीराजहरा के इन वार्डों में घमासान की िस्थति पार्टी से टिकट नहीं मिलने के बाद दल्लीराजहरा नपा में पार्षद पद के लिए वार्ड 9 के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ मेवा पटेल, वार्ड 19 से मोईनुद्दीन, वार्ड 26 से टी. ज्योति, 5 से जीवन साहू, 23 से प्रदीप बाघ चुनाव मैदान में है। इसी तरह नगर पंचायत डौंडी लोहारा में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ प्रेम भंसाली चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं पार्षद के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ ममता शर्मा चुनाव लड़ रही हैं। टिकट नहीं मिला तो चिखलाकसा व गुंडरदेही नगर पंचायत में भी बगावत गुंडरदेही नगर पंचायत के वार्ड 5 से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ शुभम तिवारी, 6 से आरती सोनकर, 7 से मीना सोनकर चुनाव लड़ रहे है। इसी तरह चिखलाकसा नगर पंचायत में वार्ड 3 से पार्षद पद के लिए भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ राजकुमार विश्वकर्मा, वीरेंद्र पासवान, वार्ड 12 से पुनम घुरिया चुनाव लड़ रहे है। कांग्रेस का दावा है कि डौंडी, चिखलाकसा नगर पंचायत में हमारी पार्टी से कोई भी बागी नहीं लड़ रहे है। दल्लीराजहरा में पिछला चुनाव जीतने वाले अधिकांश पार्षद को टिकट मिला है, इस वजह से वहां भी बागी नहीं है।


