कांग्रेस- जनता से हुआ धोखा, भाजपा- विकास को मिलेगी गति

भास्कर न्यूज | जांजगीर लोकसभा में पेश केंद्रीय बजट 2026 को लेकर जांजगीर–चांपा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल और भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े के बीच तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने बजट को आम जनता के साथ धोखा बताया। उनका कहना था कि यह बजट गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग के हितों के विपरीत है और बड़े उद्योगपतियों के लिए अनुकूल बनाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं पर केंद्र सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया। अग्रवाल ने कहा कि धान का कटोरा कहे जाने वाले छत्तीसगढ़ के किसानों की हालत खराब है, पर केंद्र सरकार ने उन्हें नजरअंदाज किया। उन्होंने बजट को आंकड़ों की जादूगरी और झूठे सपनों का पुलिंदा बताया। उनका कहना था कि आम आदमी को राहत देने के बजाय रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे मध्यम और गरीब वर्ग पर बोझ बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बजट का सड़क से सदन तक विरोध करेगी। दूसरी ओर भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने बजट की सराहना की। उन्होंने इसे आत्मनिर्भर भारत से विकसित भारत की ओर बढ़ने वाला निर्णायक कदम बताया। उनका कहना था कि यह बजट विकसित भारत 2047 की दिशा में मजबूत आधार तैयार करता है। जांगड़े ने कहा कि बजट विकास, समावेशन और नवाचार के माध्यम से देश को तेजी से आगे बढ़ाने की क्षमता रखता है और इसमें रोजगार, आत्मनिर्भरता तथा सामाजिक न्याय का संतुलित दृष्टिकोण दिखाई देता है। केंद्रीय बजट 2026 को लेकर दोनों दलों की प्रतिक्रियाओं में स्पष्ट मतभेद सामने आया है। कांग्रेस इसे आम जनता के हितों के विपरीत बता रही है, जबकि भाजपा इसे देश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति के लिए दूरदर्शी कदम मान रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *