एक सोशल मीडिया पोस्ट की वजह से प्रदेश में सियासी पारा गर्मा गया। कुनकुरी के पूर्व विधायक यूडी मिंज के सोशल मीडिया अकाउंट से एक विवादित पोस्ट दिखी। इसमें लिखा था कि भारत-पाकिस्तान के युद्ध में भारत की हार सुनिश्चित है। सोशल मीडिया पोस्ट के कंटेंट में भारत-पाकिस्तान युद्ध के बाद होने वाले सिचुएशन और चीन के दबाव को लेकर कई तथ्यात्मक बातें थीं। अंत में ये भी लिखा था कि जो लोग पाकिस्तान से युद्ध करना चाहते हैं, उन्हें अग्निवीर बनाकर सेना में भेज देना चाहिए। इस पर सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें बुरी तरह से ट्रोल कर दिया। चारों तरफ से घिरे माफी मांगकर नेता जी ने बताया कि मेरा अकाउंट हैक हो गया था।
क्या लिखा था पोस्ट में
यूडी मिंज की पोस्ट में लिखा था- जो आज पाकिस्तान के विरुद्ध निर्णायक युद्ध की बात कर रहे हैं, वे जान लें कि इस बार पाकिस्तान के साथ-साथ भारत को चीन से भी लड़ना होगा और ऐसी स्थिति में भारत की हार सुनिश्चित है।
पीओके के महत्वपूर्ण हिस्से में चीन ने अंधाधुंध निवेश किया है। पुराने सिल्क रोड को खोल दिया गया है। यही हाल बलूचिस्तान का भी है। ग्वादर पोर्ट को चीन ने डेवलप किया है और उसकी सेना सुरक्षाकर्मियों के नाम पर वहां पर तैनात है। बलूच विद्रोहियों की औकात नहीं है कि वे चीनी सैनिकों का मुक़ाबला कर सके।
मिंज की पोस्ट में आगे लिखा गया यही दोनों जगह है, जहां से पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी ऑपरेट करते हैं। एटबबाबाद भी इन्हीं जगहों में है, जहां से लश्कर-ए-तैयबा का नेटवर्क काम करता है। अब अगर भारत इन स्थानों पर सीधे हमला करे तो चीन स्वतः इस युद्ध में पाकिस्तान के साथ खड़ा हो जाएगा। नतीजा सोच लीजिए। इसलिए पुलवामा-पार्ट 2 के बाद बालाकोट कौवा मार स्ट्राइक पार्ट 2 के लिए तैयार रहिए। जहां तक बात इकोनॉमी की है तो भारत अगर पूरी तरह से युद्ध में जाता है तो देश की अस्सी करोड़ आबादी को राशन देने के पैसे छः महीने में ही ख़त्म हो जाएंगे। मुद्रास्फीति दर वैसे ही डबल डिजिट में है, कहां तक जाएगी ये पता नहीं है। मिंज की पोस्ट में आगे है डॉलर के अलावे भी अन्य वैश्विक मुद्राओं के मुक़ाबले रुपया 2.5% कमजोर हुआ है। अमरीकी टैरिफ़ के चलते निर्यात न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया है। देश में बेरोज़गारी पिछले 45 साल में सबसे ज़्यादा है। महंगाई बेलगाम हो गई है।
ऐसी स्थिति में कोई भी युद्ध आत्मघाती होगा और दोनों देशों की मेहनतकश जनता पर असहनीय बोझ पड़ेगा। यह समय भारत, पाकिस्तान और चीन के लीडरशिप को साथ बैठकर आतंकवाद की समस्या का निदान ढूंढने का है, किसी भी प्रकार का political expediency में जाने का नहीं। वैसे जो भारतीय युद्ध के समर्थन में हैं, उन सबको अग्निवीर बनाकर बॉर्डर पर भेज देना चाहिए। फिर क्या हुआ
लोगों ने यूडी मिंज की पार्टी कांग्रेस और उनके नेता राहुल गांधी तक को नहीं छोड़ा। भाजपा नेता गौरीशंकर श्रीवास ने भी पोस्ट पर कमेंट किया। कई आम लोगों ने सोशल मीडिया पर मिंज को खरी खोटी सुना डाली। इसके बाद मिंज ने एक और पोस्ट कर माफी मांगी।
दैनिक भास्कर ने मिंज से पूछा कि क्या आपने ही वो पोस्ट की थी ? जवाब में मिंज ने कहा- बिल्कुल नहीं मैं क्यों करूंगा, मेरा सोशल मीडिया अकाउंट हैक हो चुका है, जिसकी वजह से ऐसा पोस्ट हुआ। क्या आपने अकाउंट हैक होने की शिकायत दी ? मिंज ने कहा कि मैं बाहर हूं वापस आने पर इसकी जानकारी लूंगा, लेकिन मैंने एक पोस्ट लिखकर माफी मांगी है। कौन हैं मिंज
यूडी मिंज जशपुर से कांग्रेस के एक सीनियर नेता है। भूपेश बघेल सरकार में कुनकुरी से विधायक रह चुके हैं और संसदीय सचिव भी रह चुके हैं।


