हरियाणा में सिरसा जिले के कांग्रेस नेता के भतीजे का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मंगलवार को जब लोग रास्ते से गुजर रहे थे, तब उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमॉर्टम करवाया और परिजन के हवाले किया। परिजन के मुताबिक, युवक 12वीं पास करने के बाद बुरी संगत में फंसकर नशा करने लगा था। नशा न मिलने की वजह से वह मानसिक रूप से परेशान था और सोमवार को घर से चला गया था। इसके बाद उसकी मौत की सूचना मिली। मृतक युवक की पहचान सिरसा में डबवाली के वार्ड-7 इंदिरा नगर के निवासी जगमीत सिंह उर्फ मीत (24) के रूप में हुई है। वह डबवाली के कांग्रेस नेता जग्गा सिंह बराड़ के बड़े भाई दारा सिंह का छोटा बेटा था। बराड़ को कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा का करीबी माना जाता है। सोमवार को घर से गया था युवक परिजन के अनुसार, जगमीत सिंह सोमवार को बिना बताए घर से निकल गया था। वह देर शाम तक घर नहीं लौटा तो उसकी चिंता हुई। इसके बाद उसकी खोजबीन की गई। हालांकि, उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। परिजन ने जगमीत का फोटो सोशल मीडिया पर भी सर्कुलेट कर दिया। इसी बीच पुलिस को मौखिक रूप से जगमीत के लापता होने की सूचना दी गई। इसके बाद मंगलवार सुबह कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि डबवाली से लगते पंजाब के इलाके किलियांवाली के पास रजबाह के किनारे लगे पेड़ से एक युवक फंदे पर लटका है। परिजन के बयान पर हुई कार्रवाई सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हुए फोटो और सूचना का मिलान किया तो वह जगमीत ही था। इसके बाद जगमीत के परिजन को सूचना दी गई। परिजन ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। इसके बाद उसका पोस्टमॉर्टम करवाया गया। परिजन ने बताया कि जगमीत काफी शांत स्वभाव का था। वह कम बात करता था और घर से कम ही बाहर निकलता था। 12वीं पास करने के बाद उसे नशे की लत लग गई थी। इसकी वजह से घरवाले परेशान थे। वह खुद भी परेशान था। वह अविवाहित था। परिजन के इस बयान पर पुलिस ने इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है। कांग्रेसी नेता का भतीजा था युवक ग्रामीणों के अनुसार, जगमीत कांग्रेस नेता जग्गा सिंह बराड़ का भतीजा था। जग्गा सिंह बराड़ डबवाली की राजनीति में सक्रिय हैं। हालांकि, वह अब तक किसी पद पर नहीं रहे, लेकिन उन्हें सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा का करीबी बताया जाता है। स्थानीय स्तर पर एक्टिव रहते हुए बराड़ डबवाली को पूर्ण जिला बनाने की मांग उठा चुके हैं।


