आदाणी और मणिपुर मामले को लेकर कांग्रेस ने देशव्यापी आंदोलन का आहवान गया है। पार्टी 18 दिसंबर को शहीद स्थल से राजभवन तक मार्च िनकालेगी। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चुनावी समीक्षा और कार्यकर्ताओं का आभार जताने के लिए 21 दिसंबर को आभार समागम का आयोजन किया गया है। महात्मा गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष निर्वाचित होने के 100 वर्ष पूरे होने पर 26 दिसंबर को प्रखंड से प्रदेश स्तर तक गांधी जी के विचारों को प्रचारित प्रसारित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रदेश कार्यालय में गांधी जी से जुड़े तथ्यों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर 28 दिसंबर को कार्यक्रमों के आयोजन के लिए जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया गया है। राज भवन मार्च की तैयारी लगभग पूर्ण हो गई हैं।गांधी जी के अध्यक्ष के कार्यकाल के शताब्दी समारोह के अवसर पर 27 दिसंबर को बेलगाम में रैली का आयोजन किया गया है। जिसमें सभी सांसद, कार्यसमिति सदस्य, प्रदेश अध्यक्ष, विधायक दल नेता एआईसीसी डेलीगेट शामिल होंगे। संवाददाता सम्मेलन में विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार बलमुचू, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर, मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, अध्यक्ष सतीश पॉल मुजनी, सोनाल शांति, रियाज अंसारी व शकील अहमद भी थे।


