पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर भिंड में शनिवार को जिला कांग्रेस कार्यालय, बीटीआई रोड पर श्रद्धांजलि सभा हुई। सभा में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह एक सरल, सौम्य और ईमानदार नेता थे। देश ने एक महान अर्थशास्त्री और सच्चे देशभक्त को खो दिया। उनका योगदान भारत के आर्थिक और सामाजिक उत्थान में सदैव स्मरणीय रहेगा। गोहद विधायक केशव देसाई ने कहा कि आर्थिक संकट के दौरान डॉ. मनमोहन सिंह का नेतृत्व देश के लिए वरदान साबित हुआ। उनकी सादगी और दूरदर्शी सोच ने भारत को नई दिशा दी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुशवाहा ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने सूचना क्रांति, मनरेगा, किसानों की कर्ज माफी और शिक्षा के अधिकार जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए। उनके द्वारा किए गए आर्थिक सुधारों ने करोड़ों भारतीयों के जीवन को बेहतर बनाया। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह की सादगी और ईमानदारी से हर भारतीय प्रेरणा लेता रहेगा। उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। श्रद्धांजलि सभा में प्रमुख रूप से शहर जिलाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष जय श्रीराम बघेल, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रेखा भदौरिया, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह यादव सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


