भास्कर न्यूज | अंबिकापुर उदयपुर नवसंकल्प शिविर के प्रस्तावों के तहत कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान सरगुजा जिले में तेज हो गया है। इसी कड़ी में अंबिकापुर शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने 6 मंडल अध्यक्षों की घोषणा के बाद गुरुवार को उन्हें विधिवत नियुक्ति पत्र सौंपे। नियुक्ति पत्र छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस. सिंहदेव ने दिए। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों से कहा कि वे तुरंत सक्रिय होकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें। टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस युवाओं को जिम्मेदारी देकर संगठन निर्माण में शामिल कर रही है। अम्बिकापुर शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अंतर्गत कुल 111 पोलिंग बूथ हैं। इन्हें 6 मंडलों में बांटा गया है। मंडल 1, 2 और 5 को 19-19 बूथ की जिम्मेदारी दी गई है। मंडल 3, 4 और 6 को 18-18 बूथ सौंपे गए हैं। मंडल 1 के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह, मंडल 2 के नियाजुद्धीन खान, मंडल 3 के रजनीश सिंह, मंडल 4 के शंकर प्रजापति, मंडल 5 के सोहन जायसवाल और मंडल 6 के अध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा बनाए गए हैं। सभी मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे 31 जुलाई 2025 तक अपनी कार्यकारिणी गठित कर सूचित करें। उन्हें अपने क्षेत्र में सेक्टर प्रभारी और बीएलए की नियुक्ति सूची की अनुशंसा का अधिकार भी दिया गया है। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, 20 सूत्रीय कार्यक्रम के पूर्व उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, मो. इस्लाम, इंद्रजीत सिंह धंजल, अनिल सिंह, जमील खान और अमित सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


