हर दूसरे व चौथे मंगलवार को भरतपुर में जनदर्शन लगेगा

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर प्रदेश के एमसीबी जिले में पहली बार साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक जिला मुख्यालय के बजाय 150 किमी दूर ब्लॉक भरतपुर मुख्यालय के जनपद पंचायत सभाकक्ष में कलेक्टर डी राहुल वेंकट की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसी बैठक में हर दूसरे और चौथे मंगलवार को जनदर्शन लगाने का निर्णय भी लिया गया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम शर्मा, अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, तहसीलदार, जनपद सीईओ और नगर निकायों के सीएमओ उपस्थित रहे। भरतपुर ब्लॉक में हर दूसरे और चौथे मंगलवार को जनदर्शन होने से ग्रामीणों को मनेंद्रगढ़ नही आना पड़ेगा। इसका उद्देश्य दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को राहत देना है। कलेक्टर की इस पहल से भरतपुर, केल्हारी, कोटाडोल जैसे दूरस्थ ग्रामीण अंचल के लोगों को फायदा मिलेगा। बैठक में सरकारी योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों और पंचायत स्तर पर उत्पन्न समस्याओं की समीक्षा की। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को योजनाओं के पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए। इससे लाभार्थियों को समय पर लाभ मिल सके। स्कूल शिक्षा विभाग की ऑनलाइन बैठकों के लिए गूगल मीट के एकल होस्ट की व्यवस्था की है। वहीं आधार पंजीयन अब बिना आदेश के नहीं हो सकेगा और वोटर आईडी को आधार से लिंक करने संबंधित भवन आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया। भरतपुर और खड़गवां में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण और बरदर में खेल मैदान समतलीकरण की प्रगति की समीक्षा की। जनदर्शन में लंबित आवेदनों के जल्द निराकरण और हर दूसरे और चौथे मंगलवार को जनदर्शन कार्यक्रम भरतपुर में आयोजित करने का निर्णय लिया। बैठक में जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। लापरवाही पर इन अफसरों को नोटिस जारी किया गया लापरवाही पर उद्यानिकी, श्रम और महिला व बाल विकास विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े निर्माण कार्यों के लिए भूमि चिह्नांकन जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। धान के रकबा की जांच, पीएम आवास योजना के अंतर्गत भौतिक सत्यापन, महतारी सदनों का निर्माण और स्कूलों में पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता की भी समीक्षा की। पीडीएस दुकानों की स्थापना, ई-केवाईसी और राशन कार्ड सत्यापन जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *