कांग्रेस जिलाध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारियों की प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हुई साझा बैठक में प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने काम नहीं करने वाले नेताओं की पदों से छुट्टी करने को कहा है। रंधावा ने बैठक के दौरान नेताओं को पार्टी की बैठकों से लेकर फील्ड के काम में नदारद रहने वालों को चेतावनी दी है। रंधावा ने लगातार तीन बैठकों में नहीं आने वाले पदाधिकारियों के नामों की लिस्ट मांगी है। उन्होंने कहा- जो भी पदाधिकारी तीन बैठकों में लगातार गैर हाजिर रहे, ऐसे नेताओं की हमें जरूरत नहीं है। उनको पदों से हटाइये। प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा के काम नहीं करने वाले नेताओं को चेतावनी देने के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी उसी लाइन पर चेतावनी दी। डोटासरा ने एसआईआर की गड़बड़ियों को लेकर चल रहे अभियान में भी कई नेताओं के निष्क्रिय रहने पर नाराजगी जताई। डोटासरा ने कहा कि कई पदाधिकारी तो ऐसे हैं, जो बनने के बाद भी बैठक में नहीं आए, ऐसे पदाधिकारियों को रखने का कोई तुक नहीं है, उनकी छुट्टी करना ही बेहतर है। हमारे वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत, सचिन पायलट एसआईआर को लेकर अपने निर्वाचन क्षेत्रों में गए, बाकी नेता क्यों नहीं गए। इससे गंभीरता समझ आती है। काम नहीं करने वाला पदों पर नहीं रहेगा, यह समझना होगा। गहलोत बोले- मैं भी जिलाध्यक्ष रहा हूं, जो नाराज हैं फोन करके मनाएं बैठक के दौरान पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने जिलाध्यक्षों को सबको साथ लेकर चलने की नसीहत दी। गहलोत ने कहा- मैं भी जिलाध्यक्ष रहा हूं, जब मुझे जिलाध्यक्ष बनाया गया तब कई नेता नाराज हो गए थे। यह होता भी है। पद तो एक को मिलता है। जो दावेदार रह गए उन्हें जिलाध्यक्ष को साथ लेकर चलना है। जो नाराज हैं, उन्हें फोन करके मनाएं। यह सब चलता रहता है। राजनीति में सबको साथ लेकर चलना होता है। पायलट बोले- वोट ही नहीं रहेंगे चुनाव क्या लड़ेंगे, सब नेता वोट बचाएं बैठक के दौरान राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने कहा- एसआईआर को लेकर सब नेता सजग रहें। जब वोट ही नहीं रहेगा, जब वोट ही कट जाएंगे तो चुनाव कहां से लड़ेंगे। सभी नेता इसे गंभीरता से लें, इसमें जितना सजगता से समय पर काम करने की जरूरत है। कांग्रेस ने हर जिलाध्यक्ष को बनाया फर्स्ट बीएलए जिलाध्यक्षों को एसआईआर पर खास निगरानी करने का टास्क दिया गया है। जिलाध्यक्षों को फर्स्ट बीएलए बनाने का फैसला किया गया है। हर जिलाध्यक्ष से इसके लिए फार्म भरवाए गए हैं। ये भी पढ़ें… डोटासरा बोले- SIR में 30 लाख नाम काटने की तैयारी:वोटर लिस्ट से एससी-एसटी, माइनोरिटी और घुमंतु जातियों के नाम काट रहे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि एसआईआर के तहत चुनाव आयोग प्रदेश में आज की तारीख तक लगभग 30 लाख वोटर्स के नाम काटने का मन बना चुका है। एससी, एसटी, माइनॉरिटी, दलित, पिछड़ा और घुमंतू जातियों के लोगों के वोटर लिस्ट से नाम काट रहे हैं। डोटासरा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। (पूरी खबर पढ़ें)


