रांची संगठन को मजबूत करने और नए चेहरों को सामने लाने के लिए झारखंड कांग्रेस मीडिया टैलेंट हंट प्रोग्राम चला रही है। रविवार को इस प्रोग्राम के तहत अंतिम चयन के लिए राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों का साक्षात्कार एवं विभिन्न स्तरों पर जांच प्रक्रिया कांग्रेस भवन में संपन्न हुई। यह जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि टैलेंट हंट के अंतिम चरण में 70 प्रतिभागियों ने भाग लिया जिनकी क्षमता का आकलन विभिन्न स्तरों पर किया गया। लेखन, ग्रुप डिस्कशन मौखिक साक्षात्कार सहित अन्य स्तरों पर प्रतिभागियों की जांच की गई ताकि अंतिम रूप से चयनित प्रतिभागी कांग्रेस को मजबूत करने में अपना अधिक से अधिक योगदान दे सकेंगे। एक माह से विभिन्न स्तरों पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने संपर्क साध कर संगठन से जुड़ना चाहा। साक्षात्कार में मुख्य रूप से टैलेंट हंट के झारखंड कोऑर्डिनेटर डॉ हामिद हुसैन, मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी, शशि सिंह, राकेश रंजन ने प्रतिभागियों का आकलन विभिन्न चरणों में किया। मौके पर राज्य भर से आए प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि टैलेंट हंट के माध्यम से झारखंड के प्रतिभाशाली लोगों को सामने लाने का प्रयास है। ऐसे प्रतिभावान लोग जो कांग्रेस की नीतियों सिद्धांतों के प्रति आदर रखते हैं और कांग्रेस के विचारों को लोगों तक प्रभावशाली तरीके से पहुंचाने की क्षमता रखते हैं। उनकी खोज उन्हें संगठन से जोड़ने का प्रयास टैलेंट हंट के माध्यम से किया जा रहा है।


