कांग्रेस विधायक ने लिया सीएम मोहन यादव से आशीर्वाद:क्रिकेट मैदान पर कैलाश और सज्जन की जुगलबंदी; पुलिस ने कार को लगाई हथकड़ी

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। जब क्रिकेट ग्राउंड पर मिले कैलाश और सज्जन
राजनीति में एक-दूसरे के धुर विरोधी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा जब क्रिकेट के मैदान पर मिले, तो गजब की जुगलबंदी देखने को मिली। दोनों ने खूब बातचीत की, जिन पर कई बार ठहाके भी लगे। इंदौर में एक क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान जब मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मैदान पर पहुंचे, तो माइक थामे सज्जन वर्मा ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सभी आपका इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद विजयवर्गीय से बोले- ‘एकाध चौका-छक्का लग जाए, मैं तो कह रहा हूं इस बार अठ्ठा भी लग जाए।’ इस पर विजयवर्गीय ने मुस्कराते हुए जवाब दिया- ‘आप बॉल डालेंगे तो मैं क्लीन बोल्ड हो जाऊंगा।’ इसके बाद सज्जन वर्मा ने माइक संभालते हुए कहा- ‘ये मेरे से नहीं होगा।’ मतलब साफ था- न सज्जन बॉल डालेंगे और न ही कैलाश बोल्ड होंगे। मैदान पर दोनों नेताओं के बीच कोई चुनौती नहीं थी, बल्कि एक-दूसरे के सामने सरेंडर जैसा माहौल दिखा। खरी बात यह है कि नेताओं के नाम पर आपस में उलझने वाले समर्थक इस वाकये से सीख ले सकते हैं। सीएम ने कांग्रेस विधायक के सिर पर रखा हाथ
सीएम डॉ. मोहन यादव ने मंदसौर से कांग्रेस विधायक विपिन जैन के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। यह वीडियो सामने आते ही कयासबाजियों का दौर शुरू हो गया। लोग तरह-तरह की बातें करने लगे और अपने-अपने हिसाब से इसके मायने निकालने लगे। दरअसल, सीएम डॉ. मोहन यादव हाल ही में मंदसौर पहुंचे थे। इस दौरान कांग्रेस विधायक विपिन जैन ने भी उनसे मुलाकात की थी। इस मामले पर कांग्रेस विधायक ने कहा कि जब मुख्यमंत्री मंदसौर पधारे थे, तो स्वाभाविक है कि प्रदेश का मुखिया मेरी विधानसभा में आ रहा है, ऐसे में मुझे उनका स्वागत-अभिनंदन करना चाहिए। मैंने उन्हें मांग-पत्र भी सौंपा और उनसे निवेदन किया था कि मेरी विधानसभा पर आपका आशीर्वाद बना रहे। इसी पर उन्होंने मेरे सिर पर हाथ रखा। चलते कार्यक्रम में मंच पर चढ़कर सीधे शिकायत
जब अधिकारियों ने उनकी नहीं सुनी, तो एक युवक की अगुवाई में स्कूली बच्चे चल रहे कार्यक्रम के दौरान मंच पर चढ़ गए और भाजपा विधायक से सीधे शिकायत कर दी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से माहौल ही बदल गया और हंगामे जैसे हालात बन गए। यह मामला रायसेन जिले की गैरतगंज नगर परिषद का है। यहां आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा विधायक प्रभुराम चौधरी शामिल हुए थे। मंच से भाजपा के जिला अध्यक्ष संबोधित कर रहे थे, तभी एक युवक स्कूली बच्चों को लेकर मंच पर आ गया। पहले युवक ने माइक पर अपनी बात रखने की कोशिश की, लेकिन भाजपा जिला अध्यक्ष ने उसे वहां से भगा दिया। इसके बाद वह विधायक से अपनी बात कहने लगा। इस पर विधायक ने कहा- नेतागिरी करने आए हो क्या? हालांकि इसके बाद उन्होंने बच्चों की परेशानी भी सुनी। बच्चों ने बताया कि उनके गांव में पिछले 7–8 दिनों से बिजली नहीं है, और ऐसे समय में जब कक्षा 10 की परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं, उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर विधायक ने कहा कि इस मामले में बैठकर बात की जाएगी। बाद में युवक दोबारा आया, तो पुलिस उसे वहां से ले गई। एमपी पुलिस का कारनामा, कार को लगाई हथकड़ी
मध्य प्रदेश को यूं ही अजब-गजब नहीं कहा जाता। एक और ऐसा ही कारनामा सामने आया है। जबलपुर में पुलिस ने एक कार को ही हथकड़ी लगाकर थाने में खड़ा कर दिया। दरअसल, पुलिस ने शराब के नशे में कार चलाने के मामले में कार्रवाई की थी। इस दौरान ड्राइवर को कार समेत पकड़ा गया। बाद में ड्राइवर को तो छोड़ दिया गया, लेकिन कार को हथकड़ी लगाकर थाने में ही खड़ा कर दिया गया। इसका वीडियो सामने आने के बाद यह मामला पुलिस के लिए किरकिरी का कारण बन गया है। अब अधिकारी इस मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों से सवाल-जवाब कर रहे हैं। इनपुट सहयोग – शैलेष दीक्षित (इंदौर), शादाब चौधरी (मंदसौर), देव शाक्य (रायसेन), सुनील विश्वकर्मा (जबलपुर) ये भी पढ़ें –
शिवराज की नई घोषणा- पत्नी पर किताब लिखूंगा: मंत्री बोले- मीडिया मुझसे जलता है केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक दिलचस्प घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वे अपनी पत्नी पर एक किताब लिखेंगे। शिवराज सिंह चौहान राजस्थान के बीकानेर में आयोजित एक सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। पूरी खबर पढ़ें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *