राजस्थान कॉन्स्टेबल भर्ती 2025 के तहत झालावाड़ जिले के अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और शारीरिक मापतौल परीक्षा (PST) 9 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा प्रातः 5 बजे से महाराव उम्मेदसिंह स्टेडियम, नयापुरा, कोटा में होगी। पुलिस विभाग के अनुसार, लिखित परीक्षा में सफल रहे अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र पुलिस मुख्यालय की वेबसाइट www.police.rajasthan.gov.in पर अपलोड कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी इन्हें वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। विभाग ने सूचित किया है कि अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने के लिए विज्ञप्ति संख्या 1360, दिनांक 9 अप्रैल 2025 में वर्णित सभी मूल प्रमाण पत्र, उनकी स्व-प्रमाणित प्रतियां, और राजकीय चिकित्सक द्वारा जारी आरोग्य एवं फिटनेस प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य है। प्रवेश पत्र में दिए गए अन्य निर्देशों का पालन करना भी आवश्यक होगा। पुलिस विभाग ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि 9 दिसंबर को प्रातः 5 बजे महाराव उम्मेदसिंह स्टेडियम, नयापुरा, कोटा में मौजूद रहें।


