रेलवे काकीनाडा से हिसार के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने जा रहा है। 19 फरवरी से लेकर 29 मार्च तक यह ट्रेन संचालित होगी। इस ट्रेन का सीकर स्टेशन पर भी 5 मिनट के लिए ठहराव होगा। सीकर के अलावा यह ट्रेन अजमेर,सूरत सहित कई बड़े स्टेशन पर भी रुकेगी। रेलवे से से मिली जानकारी के मुताबिक गाड़ी संख्या 07705/07706 काकीनाडा टाउन-हिसार-काकीनाडा टाउन स्पेशल ट्रेन का संचालन होने जा रहा है। इनमें काकीनाडा टाउन-हिसार स्पेशल ट्रेन 19 फरवरी से 26 मार्च तक और हिसार-काकीनाडा टाउन ट्रेन 22 फरवरी से 29 मार्च तक संचालित होगी। गाड़ी संख्या 07705 काकीनाडा टाउन से गुरुवार को सुबह 5 बजे रवाना होकर तीसरे दिन शनिवार सुबह 7:55 पर सीकर स्टेशन पर पहुंचेगी। यहां पर 5 मिनट का ठहराव लेने के बाद ट्रेन 8 बजे आगे के लिए रवाना होकर दोपहर 2 बजे हिसार पहुंच जाएगी। जबकि गाड़ी संख्या 07706 हिसार-काकीनाडा टाउन स्पेशल ट्रेन हिसार से संडे की रात 11:15 पर रवाना होकर 3:55 पर सीकर स्टेशन पर पहुंचेगी। यहां पर 5 मिनट का ठहराव लेने के बाद ट्रेन 4 बजे रवाना होकर बुधवार को सुबह 9 बजे काकीनाडा टाउन पहुंच जाएगी। ट्रेन में कुल 24 डिब्बे रहेंगे। ट्रेन का सूरत, अजमेर, रींगस सहित कई बड़े स्टेशन पर ठहराव होगा। बता दें कि 21 फरवरी से बाबा खाटूश्याम का मेला शुरू होने जा रहा है। ऐसे में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को भी इस ट्रेन का फायदा होगा।


