‘मैं अपनी बेटी को काटने को तैयार हूं, क्या आप अपने भतीजे को काटने को तैयार होंगे? मैं अपनी बेटी को काटूंगा। धरती की कोई ताकत मुझे नहीं रोक सकती। रेत-रेतकर काटूंगा और एक-एक अंग काटूंगा। कोई मुझे रोक नहीं सकता, आपका सहयोग चाहिए।’ यह धमकी कानपुर के एक पार्टी के नेता को बिहार निवासी युवती के पिता ने दी। फोन करने वाले ने अपना नाम आनन्द राज बताया। कहा-कौसान्दा विधायक मेरा छोटा भाई है। अगर मेरी बेटी नहीं मिली तो मैं ऑनर किलिंग की घटना को अंजाम दूंगा। यहां बिहार में रोज 111 ऑनर किलिंग होती है और यह 112वीं होगी। धमकी से डरे नेता ने नजीराबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। जानिए पूरा मामला कानपुर के नेता का भतीजा पुणे स्थित जेके सीमेंट में नौकरी करता है। 11 जनवरी को युवक ने अपनी मां को फोन किया। उसने बताया, उसका मुजफ्फपुर (बिहार) की रहने वाली लड़की से अफेयर चल रहा है, वो मेरे ऊपर तुरन्त शादी करने का दबाव बना रही है। इस पर मां ने लड़के को लोकलाज का हवाला देते हुए समझाया। कहा, ऐसा कदम उठाना ठीक नहीं है, पहले लड़की के घरवालों से बात की जाएगी, उसके बाद आगे का कदम उठाना उचित होगा। इसके बाद 12 जनवरी को युवक को फोनकर कानपुर आने को कहा। इसके बाद से युवक का फोन बंद हो गया है। 15 जनवरी की रात लगभग 8:58 बजे सपा नेता के मोबाइल पर एक फोन काल आई। बात करने वाले ने अपना नाम आनन्द राज बताया। कहा- मेरी बेटी घर से भाग गई है। आपका भतीजा मेरी घर की इज्जत को लेकर भाग गया है। मेरी बेटी नहीं मिल रही है। इस पर उन्होंने कहा-वह खुद तीन दिन से अपने भतीजे को ढूंढ रहे हैं। फोन करने वाले ने कहा- आप कहीं के तोप होंगे और मैं भी कहीं का फुसफुसिया बम हूं। कौसान्दा विधायक मेरा छोटा भाई है। मेरी लड़की को आपका भतीजा लेकर भाग गया है। मैं अपनी बेटी को काटने को तैयार हूं, आप काटेंगे अपने भतीजे को। आपका सहयोग चाहिए। लड़के के परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका
सपा नेता ने बताया कि मुझे आशंका है कि मेरे भतीजे को मुजफ्फपुर (बिहार) की सिमरन शर्मा अपने परिवार के साथ मिलकर कहीं ले गई है। मुझे आनन्द राज की धमकी के बाद से आशंका है कि मेरे भतीजे के साथ कोई अप्रिय घटना घट सकती है। नजीराबाद पुलिस ने सपा नेता की तहरीर पर कॉल करने वाले के खिलाफ धमकी और सात्विक के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नजीराबाद थाना प्रभारी ने बताया कि लापता युवक और धमकी देने वाले की तलाश में पुलिस की दो टीमों को रवाना किया गया है। ……………….. ये खबर भी पढ़ें- यूपी में 31 IAS के ट्रांसफर…14 जिलों के डीएम बदले:3 कमिश्नर को हटाया, लखनऊ डीएम सूर्यपाल गंगवार की 5 साल बाद CMO में एंट्री योगी सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। गुरुवार देर रात 31 IAS अफसरों के ट्रांसफर कर दिए। इसमें तीन मंडलों के कमिश्नर और 14 जिलों के डीएम शामिल हैं। मेरठ, आगरा, अलीगढ़ में नए कमिश्नर बनाए गए। जबकि मथुरा, बुलंदशहर, लखनऊ, अलीगढ़, प्रतापगढ़, बिजनौर, कानपुर, बागपत, बांदा, गाजियाबाद, मेरठ, फर्रुखाबाद, बाराबंकी और सुल्तानपुर के डीएम बदले गए। पढ़ें पूरी खबर


