कानपुर के महाराजपुर में दो युवकों ने उन्नाव की युवती को नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। इसके बाद मौके से भाग निकले। युवती की तहरीर पर महाराजपुर पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज की है। इसके साथ ही आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। मफलर से हाथ-पैर बांधा और मुंह में ठूंस दिया था कपड़ा उन्नाव कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी 21 वर्षीय युवती का आरोप है कि महाराजपुर के छतमरा निवासी 25 साल के दीपक कुशवाहा और उसका हमउम्र साथी सूरज ने नौकरी लगवाने की बात कह बुधवार को उन्नाव से रामादेवी चौराहा बुलाया था। इसके बाद दोनों ने युवती को आटो में बैठाया और वहां से चकेरी की तरफ लेकर आए। इसके बाद उसे देर शाम चकेरी मोड़ से सुभौली महाराजपुर की तरफ आकर सूनसान जगह पर ले गए। युवती ने बताया कि उसका मफलर से हाथ-पैर बांध दिया और मुंह में कपड़ा ठूंसकर दोनों ने दुष्कर्म किया। इसके बाद धमकाते हुए बताया कि अगर किसी को बताया तो उसे जान से मार देंगे। युवती के शोर मचाने पर दोनों उसे छोड़कर भाग निकले। युवती कड़ी मशक्कत से हाथ-पैर खोलकर हाईवे पर पहुंची और लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी। महाराजपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और उसे थाने लेकर पहुंची। पीड़िता की तहरीर पर महाराजपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रेप, मारपीट, जान से मारने की धमकी समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। महाराजपुर के कार्यवाहक थाना प्रभारी ने बताया कि गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों की तलाश की जा रही है। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है।


