कान्हा के भिलवानी में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री:मौसम विभाग का अनुमान- अगले 3-4 दिन नहीं होगा बड़ा बदलाव

मंडला जिले में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। सोमवार को जिले में सबसे कम न्यूनतम तापमान कान्हा नेशनल पार्क के भिलवानी में 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंडला शहर का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह घना कोहरा छाया रहा, जो लगभग 8 बजे के बाद छंट गया। पिछले लगभग 10 दिनों से जिले का न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे तीव्र ठंड महसूस की जा रही है। रविवार को भी मंडला शहर का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। कान्हा नेशनल पार्क में भी अत्यधिक ठंड पड़ रही है। सोमवार सुबह कान्हा का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पार्क के विभिन्न क्षेत्रों में किसली में 10 डिग्री, भिलवानी में 7.6 डिग्री, सूपखार में 8.7 डिग्री और मुक्की में 10.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। ठंडे मौसम के बावजूद पर्यटक सफारी का आनंद ले रहे हैं। तापमान में गिरावट और हल्की हवा के कारण दिन का अधिकतम तापमान भी कम हो गया है, जिससे दिन के समय भी ठंड का अहसास हो रहा है। शाम ढलने के साथ यह ठंड और बढ़ जाती है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पूर्व भारत के ऊपर करीब 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 176 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। हालांकि, मध्य प्रदेश के ऊपर मौसम साफ बना हुआ है और आगामी 3-4 दिनों में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। जिले में बीते कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान 7 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जो लगातार ठंड का संकेत देता है। अधिकतम तापमान भी 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *