भांडेर में पूर्व पार्षद ने की आत्महत्या:सुसाइड नोट में ग्रामीण बैंक कर्मी पर फर्जी लोन में फंसाने का आरोप

दतिया जिले के भांडेर कस्बे में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, 80 वर्षीय पूर्व पार्षद और कांग्रेस नेता ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जाहिद उद्दीन सिद्दीकी, निवासी भांडेर, के रूप में हुई है, जो पेशे से नोटरी वकील भी थे। घटना सोमवार तड़के करीब सुबह 5 बजे की बताई जा रही है। सुबह लगभग 8 बजे जब उनकी पत्नी कमरे में पहुंचीं, तो उन्होंने जाहिद उद्दीन को फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कराया पोस्टमार्टम
सूचना पर भांडेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।पुलिस ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। सुसाइड नोट में बैंक कर्मचारी पर गंभीर आरोप
घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे जब्त कर लिया गया है।सुसाइड नोट में जाहिद उद्दीन सिद्दीकी ने लक्ष्मीनारायण नामक व्यक्ति को अपनी आत्महत्या का जिम्मेदार ठहराया है। मृतक के अनुसार, लक्ष्मीनारायण ग्रामीण बैंक में कार्यरत है और उसने उनसे कई शपथ पत्र बनवाए, जिनका बाद में गलत इस्तेमाल किया गया। फर्जी लोन और मानसिक प्रताड़ना का आरोप
सुसाइड नोट में लिखा गया है कि इन शपथ पत्रों के आधार पर बैंक से फर्जी ऋण लिए गए, जिससे जाहिद उद्दीन सिद्दीकी को लगातार मानसिक तनाव और परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।इसी मानसिक दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। संतान नहीं थी, सामाजिक-राजनीतिक जीवन में थे सक्रिय
पुलिस के अनुसार मृतक की कोई संतान नहीं थी और वे लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय थे। वे भांडेर क्षेत्र में एक सम्मानित व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे।उनकी मौत से इलाके में शोक की लहर है। पुलिस बोली – आरोपों की गहन जांच की जा रही
भांडेर थाना प्रभारी ने बताया मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। नोट की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की हर एंगल से जांच की जाएगी और तथ्य सामने आने पर संबंधितों पर कार्रवाई होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *