जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित महेंद्र अपार्टमेंट में बुधवार को दिनदहाड़े एक कारोबारी के फ्लैट से लगभग 10 लाख रुपए के जेवरात और नगदी की चोरी हो गई। फ्लैट मालिक ऋषभ सिंह के अनुसार, चोरों ने उनके फ्लैट नंबर 203 को निशाना बनाया। ऋषभ सिंह ने बताया कि विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर वे अपने परिवार के साथ वर्कशॉप में पूजा-अर्चना के लिए गए थे। जब वे पूजा संपन्न कर अपने फ्लैट लौटे, तो उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर उन्हें चार प्रमुख अलमारियों के ताले भी टूटे मिले। जांच-पड़ताल के दौरान पता चला कि चोरों ने लगभग 8 लाख रुपए के कीमती जेवरात, जिसमें सुनहरे हार, चूड़ियां, अंगूठियां और अन्य गहने शामिल थे। साथ ही 2 लाख रुपए नगद चुरा लिए। घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मुआयना शुरू किया। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। इस चोरी की घटना के बाद महेंद्र अपार्टमेंट और आसपास के इलाकों में लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


