हनुमानगढ़ में पटवारियों का धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। राजस्थान पटवार संघ उपशाखा के बैनर तले पटवारी कार्य बहिष्कार कर जिला कलेक्ट्रेट के सामने धरने पर बैठे हुए हैं। पटवार संघ के जिलाध्यक्ष अमरसिंह दहिया ने बताया कि उनकी प्रमुख मांग गिरदावरी एप में आवश्यक संशोधन की है, जिससे पटवारी स्वयं गिरदावरी कार्य कर सकें। साथ ही बजट 2023-24 में घोषित 1035 नए पटवार मंडलों की वित्तीय स्वीकृति अभी तक जारी नहीं की गई है। पटवारियों की अन्य प्रमुख मांगों में पटवारी से भू अभिलेख निरीक्षक और निरीक्षक से नायब तहसीलदार पद की डीपीसी का निस्तारण, एनटीएसपी क्षेत्र की पटवारी से वरिष्ठ पटवारी पद की रिव्यू डीपीसी शामिल है। इसके अलावा सरकार से डेस्कटॉप, प्रिंटर, लैपटॉप और टैबलेट की मांग की गई है। जिला महामंत्री मुकेश सहारण ने चेतावनी दी कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, राज्य के सभी पटवारियों का कार्य बहिष्कार और तहसील/उपखण्ड मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। पटवार संघ ने सर्वेयर नियुक्ति का विरोध करते हुए स्पष्ट किया है कि पटवारी की ओर से सर्वेयर की नियुक्ति नहीं की जाएगी। संघ ने हार्ड ड्यूटी और स्टेशनरी भत्तों में वृद्धि की मांग भी की है।


