कार की टक्कर से गिरा टावर, 20+ कॉलोनियों में 5 घंटे बिजली बंद रही

भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर| शहर की ओर आने वाले पदमपुर-सूरतगढ़ बाइपास पर सोमवार दोपहर में अनियंत्रित कार की टक्कर से 33 केवी हाइटेंशन विद्युत लाइन का एक मुख्य टावर क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मजबूत लोहे का टावर खेत की तरफ झुक गया। इस घटना के कारण सदभावना नगर जीएसएस से जुड़ी शहर की 20 से अधिक कॉलोनियों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गई, जिससे 25 हजार लोग प्रभावित हुए। वहीं कालियां रोड पर 11 केवी लाइन का पोल टूटने से 20-25 घरों की सप्लाई बाधित हो गई। यह पोल ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से टूट गया। जानकारी के अनुसार, हादसा दोपहर करीब पौने दो बजे हुआ। पदमपुर रोड से बाइपास पर आई एक कार के सामने आवारा पशु आ जाने के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सीधे बिजली टावर से जा टकराई। स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर के बाद एक जोरदार धमाका हुआ और इलाके की बत्ती गुल हो गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि चालक युवक को कोई हानि नहीं हुई। हादसे की सूचना मिलते ही सहायक अभियंता मंजीत सेनी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। टावर के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण प्रभावित जीएसएस को अन्य 33 केवी लाइन से जोड़कर सप्लाई बहाल करने का निर्णय लिया गया जिसके बाद विद्युत कार्मिकों से 33 केवी लाइन को क्षतिग्रस्त टावर से अलग करने का काम शुरू किया। सहायक अभियंता ने बताया कि करणी मार्ग स्थित 132 केवी जीएसएस से जुड़ी 33 केवी लाइन के क्षतिग्रस्त टावर से लाइन को अलग करके शाम करीब 6 बजे रिद्धि-सिद्धि फीडर से जोड़कर सदभावना नगर जीएसएस की सप्लाई चालू की गई। इसके बाद सभी 11 केवी के बंद फीडर चालू किए गए। मंगलवार को क्षतिग्रस्त टावर हटाकर नया टावर स्थापित किया जाएगा। मंगलवार को ही टावर व 33 केवी लाइन के क्षतिग्रस्त होने से हुए नुकसान का एस्टीमेट बनाकर कार चालक के खिलाफ एएफआईआर की कार्रवाई की जाएगी। इन कॉलोनियों की बाधित रही बिजली: टावर गिरने से 33 केवी मुख्य फीडर प्रभावित हुआ है, जिससे जुड़े सदभावना नगर सब स्टेशन से जुड़े सदभावना नगर से सेतिया कॉलोनी तक का एरिया पांच घंटे तक प्रभावित रहा। इसमें पत्रकार कॉलोनी, गणेश विहार, पवन पुरी, विकास पुरी, लालचंद की ढाणी, जिला अस्पताल के पीछे का एरिया, बसंती चौक एरिया, वीके सीटी, शिवम एंक्लेव, शिवालिका एन्कलेव, भांभू कॉलोनी, हरदीपसिंह कॉलोनी, सेतिया कॉलोनी, प्रेम नगर आदि कॉलोनियों में शाम पांच बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। इससे आटा चक्की, वेल्डिंग, सर्विस सेंटर सहित बिजली से जुड़े काम भी रुके रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *