भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा गैंगरेप पीड़िता को न्यायालय में बयान बदलने के लिए मारपीट कर धमकाने वाले आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अन्य आरोपियों से प्रलोभन लेकर कोर्ट में बयान बदलवाने का दबाव बनाया। पीड़िता ने 17 दिसंबर को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसने पूर्व में अशरफ, साईना उर्फ जेसलीन, शाहरुख उर्फ बबलू, आमिर, सोयम, सानवीर, फैजान, सोयब और खालिद के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज करवाया था। इस प्रकरण में पुलिस ने सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया और चालान न्यायालय में पेश किया था। चालान पेश होने के बाद से ही जितेन्द्र उर्फ बिट्टू हरदासानी, नवीन सबनानी व रमेश सबनानी के साथ मिलकर उसे रोजाना कोर्ट में बयान बदलने के लिए मजबूर कर रहा था। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों द्वारा उसके साथ मारपीट की जाती थी और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी जा रही थीं। इतना ही नहीं, नवीन सबनानी ने उससे खाली कागजों पर हस्ताक्षर भी करवा लिए। इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 22 दिसंबर को जितेन्द्र उर्फ बिट्टू हरदासानी और नवीन सबनानी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी जितेन्द्र उर्फ बिट्टू हरदासानी (36) निवासी पंचवटी और नवीन सबनानी (38) पुत्र रमेश सबनानी निवासी नाथद्वारा सराय, नई शाम की सब्जी मंडी रोड, थाना कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले हैं।


