भास्कर न्यूज| धमतरी शहर के सदर दक्षिण वार्ड स्थित रानीबगीचा निवासी राजू यादव बिजली मिस्त्री का काम करता है। दोपहर में वह पैदल आमा तालाब मोड़ से गोकुलपुर की ओर जा रहा था, तभी एक रेस्टारेंट के सामने एक तेज रफ्तार डिजायर कार टक्कर मार कर फरार हो गई। रक्तदान ग्रुप एंबुलेंस सेवा संस्था के शिवा प्रधान मौके पर पहुंचे और उसे जिला अस्पताल लाए। अस्पताल में घायल की जेब में रखी डायरी पर अंकित नंबर से परिजनों और दुकानदार से संपर्क किया। मंगलवार को सदर बाजार में भी हादसा हुआ। चमेली चौक से मठ मंदिर के बीच कार 07 एम-8736 ने बाइक सीजी 05 एएन-3038 को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार को चोंटे आईं। दुर्घटना के बाद वहां भीड़ एकत्रित हो गई। कार पार्किंग स्थल से निकली थी, जिससे हादसा हो गया। एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने कहा कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरूस्त करने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। महीनेभर तक जागरूकता अभियान भी चलाया गया। नो-पार्किंग, सड़क बाधा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।


