भास्कर न्यूज| बामला सदर थाना क्षेत्र के धौलाकुआं गांव के समीप गुरुवार शाम को एक तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार दो जनों की मृत्यु हो गई। पुलिस ने दोनों के शव जिला अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाए है। साथ ही घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी है। धौला कुआं चौकी कांस्टेबल धर्मपाल चौधरी व बंटू गुर्जर ने बताया कि बारां-झालावाड़ मेगा हाईवे पर गुरुवार शाम को यह हादसा हुआ। झालावाड़ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने बारां की ओर से जा रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं बाइक सवार दोनों जने उछलकर नीचे जा गिरे। दुर्घटना में बाइक सवार मनोहरपुर गांव निवासी कुलदीप मोग्या (30) पुत्र अमरपाल मोग्या और हाथी दिलोद निवासी महेश मोग्या (26) पुत्र प्रहलाद मोग्या गंभीर घायल हो गए। इस दौरान मौके से गुजर रहे राहगीर मदद के लिए रुके और घटना की सूचना पुलिस व एंबुलेंस को दी। जिससे दोनों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सीआई हीरालाल पूनिया ने बताया कि फिलहाल दोनों मृतकों के शव अस्पताल मॉर्चरी मे रखवाया है। साथ ही घटना की सूचना परिजनों को दी है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। दोनों मृतक मौसेरे भाई पुलिस के अनुसार दोनों युवक बावड़ीखेड़ा के पास गांव में रिश्तेदार की गमी में शामिल होने के लिए गए थे। जहां से दोनों बाइक से वापस गुरुवार शाम को घर लौट रहे थे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि दोनों मृतक आपस मे मौसेरे भाई थे।


