कार ने 5 साल के बच्चे को टक्कर मारी:ग्वालियर का मामला, दादी ने शिकायत दर्ज कराई, आरोपी ड्राइवर फरार

वानगर स्थित कुमुद अपार्टमेंट के सामने सोमवार शाम एक कार चालक की लापरवाही से पांच वर्षीय बच्चे के गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। घायल बच्चा कियान का उपचार फिलहाल जारी है। बच्चे की दादी पूनम छारी की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूनम (52), निवासी अमरकंटक एनक्लेव, अपनी दुकान पर बैठी थीं। उनका नाती कियान दुकान के पास खेल रहा था। शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच मोहित तोमर अपनी सफेद मारुति सुजुकी कार लेने आया, जो दुकान के सामने खड़ी थी। आरोप है कि मोहित तोमर ने कार को तेज गति और लापरवाही से आगे-पीछे किया, इसी दौरान खेल रहा कियान उसकी चपेट में आ गया। कार का टायर बच्चे के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख सुनकर दादी पूनम और आसपास मौजूद अमन तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चे को उठाया। कियान के बाएं पैर, चेहरे व शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मोहित तोमर ने बच्चे को अपनी कार में बैठाकर अपोलो अस्पताल पहुंचाया और प्राथमिक उपचार करवाया। इलाज के बाद वह अस्पताल से चला गया। इस बीच, बच्चे के पिता सुमित छारी और चाचा अरविंद भी अस्पताल पहुंच गए। परिजन कियान को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। एएसपी जयराज कुबेर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जल्द की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *