40 महिला कृषकों का दल गुजरात रवाना:आधुनिक कृषि तकनीकों, डेयरी प्रबंधन और सफल कृषि मॉडलों का प्रत्यक्ष करेंगे अनुभव

मुख्यमंत्री बजट घोषणा के तहत डीडवाना जिले से 40 महिला कृषकों का एक दल मंगलवार को गुजरात के लिए रवाना हुआ। कृषि विभाग द्वारा अंतर-राज्यीय महिला कृषक अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत यह दल भेजा गया है। जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने कलेक्ट्रेट परिसर से दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक हरिओम सिंह राणा ने बताया कि इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य महिला कृषकों को आधुनिक कृषि तकनीकों, अनुसंधान आधारित खेती, डेयरी प्रबंधन और सफल कृषि मॉडलों का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करना है। इसका लक्ष्य है कि कृषक अपने क्षेत्रों में उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाकर उत्पादन और आय में वृद्धि कर सकें। भ्रमण दल गुजरात के दंतीवाड़ा कृषि विश्वविद्यालय में सूखा क्षेत्र फसल प्रणाली, उन्नत कृषि तकनीक, बीज उत्पादन और अनुसंधान मॉडल का अध्ययन करेगा। इसके अतिरिक्त, दल आनंद डेयरी (अमूल) में दूध प्रसंस्करण, सहकारी मॉडल, मूल्य संवर्धन और डेयरी प्रबंधन की जानकारी प्राप्त करेगा। आनंद कृषि विश्वविद्यालय में जैविक एवं प्राकृतिक खेती, आधुनिक कृषि अनुसंधान तथा नवीन तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। कृषि विज्ञान केंद्र, खापट में उद्यानिकी, फसल प्रबंधन, कृषि उपकरणों और महिला कृषक उन्मुख तकनीकों का अवलोकन किया जाएगा। जूनागढ़ कृषि विश्वविद्यालय में बीज अनुसंधान, पशुपालन, कीट प्रबंधन और बहु-फसली पद्धतियों पर व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जाएगी। संयुक्त निदेशक राणा ने बताया कि यह अध्ययन भ्रमण महिला कृषकों को कृषि के विभिन्न सफल मॉडल, बाजार से जुड़ाव, मूल्य शृंखला और प्रसंस्करण तकनीकों को समझने में सहायक होगा। इससे वे अपने खेतों में नई तकनीकों को लागू कर सकेंगी, जिससे क्षेत्रीय कृषि विकास को नई दिशा मिलेगी। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहनलाल खटनावलिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा सहित कृषि विभाग के अधिकारी और अन्य संबंधित व्यक्ति उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *