धौलपुर एसपी विकास सांगवान ने एक बार फिर कई थाना प्रभारियों के तबादले किए हैं। इन तबादलों में बृजेश मीणा को कोतवाली थाना प्रभारी और हरेंद्र सिंह को सरमथुरा थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह पिछले महीने जारी हुई थाना प्रभारियों की जंबो सूची के बाद एक और बड़ा प्रशासनिक फेरबदल है। जारी आदेशों के अनुसार, कोतवाली थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह को सरमथुरा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, दिहौली थाना प्रभारी बृजेश मीणा को धौलपुर शहर के महत्वपूर्ण कोतवाली थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, एसपी कार्यालय में कार्यरत इंस्पेक्टर छवि फौजदार को दिहौली थाना प्रभारी के पद पर तैनात किया गया है। सरमथुरा थाना प्रभारी कृपाल सिंह को आंगई थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि आंगई थाना प्रभारी संतोष शर्मा को एसपी कार्यालय में स्थानांतरित किया गया है। तबादला सूची में सब इंस्पेक्टर कुमर सिंह को बसेड़ी थाने में तैनाती दी गई है। एसपी द्वारा जिले में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए फिर से तबादला सूची जारी की गई हैं।


