भास्कर न्यूज | जांजगीर अमरताल पंचायत के आश्रित गांव गढ़ोला में शनिवार की शाम कार पर पेड़ की डगाल गिर गई। हादसे में कार सवार लोग बाल-बाल बच गए। यह घटना शनिवार को शाम लगभग 4 बजे गढ़ोला तालाब के किनारे हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि तालाब किनारे लगे पीपल के पेड़ पुराने और खतरनाक स्थिति में हैं, लेकिन पंचायत द्वारा इनकी कटाई-छंटाई नहीं की गई। जांजगीर निवासी देवेंद्र यादव, खोखरा निवासी अनुभव तिवारी और एक अन्य व्यक्ति कार में सवार होकर अकलतरा से जांजगीर लौट रहे थे। तीनों लोग खोखरा क्षेत्र में काम से आए थे और गढ़ोला गांव से होते हुए अपनी यात्रा कर रहे थे। तभी अचानक तालाब किनारे लगे पुराने पीपल के पेड़ की डंगाल टूटकर कार पर गिर गई। इस दुर्घटना में कार का सामने का शीशा टूट गया और कार का बॉडी कई जगहों से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय कार में सवार तीनों लोग सुरक्षित थे और किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई।


