लुधियाना| एक इनोवा कार ओवर स्पीड के कारण बिजली के खंभे से टकरा गई। घटना राहों रोड पर गत वीरवार रात करीब 10:30 बजे हुई है। हादसे के समय कार में केवल एक व्यक्ति सवार था, जिसे मामूली चोटें आईं। रंजीत कुमार ने बताया, वह पास की एक फैक्ट्री में काम करता है। रात के समय अचानक जोरदार आवाज सुनकर वह बाहर आया। इसके बाद बिजली विभाग को सूचना दी गई, मौके पर बिजली विभाग के कर्मचारी पहुंचे और पावर सप्लाई को बंद कर दिया ताकि किसी अन्य दुर्घटना से बचा जा सके। वही मामले में थाना मेहरबान की पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई।


