दौसा जिले के महवा थाना पुलिस ने जयपुर- आगरा नेशनल हाईवे पर फायरिंग के घटनाक्रम का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय हरियाणा गैंग के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। उक्त गिरोह द्वारा ठेकड़ा बाइपास पर जबलपुर मध्य प्रदेश के कार सवार लोगों से लूट व हत्या करने के प्रयास से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। थाना इंचार्ज राजेंद्र मीणा ने बताया कि आशुतोष सिंह चौहान निवासी जबलपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे चार दोस्त घूमने के लिए निकले थे कि 26 फरवरी की रात खाटूश्यामजी के दर्शन कर वापस लौटते वक्त करीब 2 बजे मेहंदीपुर बालाजी क्षेत्र में हाईवे स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल लिया और महवा की तरफ रवाना होकर गूगल मैप पर रूट चेक कर रहे थे। इस दौरान कार सवार बदमाशों ने लूट के इरादे से उन पर फायरिंग कर दी। घटनाक्रम में अनुराग दुबे के कंधे व गर्दन पर गोली लगी। इसके बाद बदमाशों ने उनका कई किलोमीटर तक पीछा किया। घायल अनुराग का अस्पताल में इलाज कराया गया। जेल से किया गिरफ्तार रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व अन्य संसाधनों से साक्ष्य जुटाकर आरोपी अंकित उर्फ महेंद्र गढ़िया लखेरा निवासी महेंद्रगढ़ हरियाणा को उप कारागृह किशनगढ़ बास जिला खैरथल-तिजारा से बेपर्दा गिरफ्तार किया है। यहां से पूर्व हरियाणा के रेवाड़ी में पिस्टल की नोक पर कार चालक का अपहरण कर लूट के उद्देश्य फायरिंग की थी। गिरफ्तार किए गए बदमाश के खिलाफ चोरी, नकबजनी, हत्या के प्रयास, लूट एवं आर्म्स एक्ट के 13 मामले दर्ज हैं।


