टोंक DST ने 2 लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 7 लाख रुपए का डोडा पोस्त जब्त किया है। पुलिस ने 2 कट्टों में भरे 45 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त व एक स्विफ्ट डिजायर कार, नकली कार की नेम प्लेट जब्त की है। कार्रवाई आज नासिरदा थाना क्षेत्र में रामथला चौराहे पर की गई। मामले में रामावतार पुत्र प्रहलाद जाट निवासी नयागांव जाटान पुलिस थाना लांबा हरिसिंह, लक्ष्मी नारायण पुत्र पन्नालाल जाट निवासी नयागांव जाटान पुलिस थाना लांबाहरिसिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों और जब्त डोडा पोस्त, कार को आगे की कार्रवाई के लिए नासिरदा थाना पुलिस को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार- थाना पुलिस ने 2 आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी यह अवैध मादक पदार्थ चित्तौड़गढ़ से लांबाहरिसिंह ले जा रहे थे। इस दौरान डीएसटी ने मुखबिर की सूचना पर देवली से केकड़ी मार्ग पर अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त के साथ पकड लिया। दोनों आरोपी अपनी कार से इस अवैध मादक पदार्थ की सप्लाई कर रहे थे। दोनों अपनी कार में अलग-अलग नंबरों की फर्जी नंबर प्लेट भी इस्तेमाल करते थे। कार से फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त की गई है। दोनों आरोपी काफी लंबे समय से लांबाहरिसिंह, टोडारायसिंह, मालपुरा, पचेवर और डिग्गी इलाके में डोडा पोस्त की अवैध रूप से सप्लाई दे रहे थे। हालांकि आज माल की सप्लाई करने से पहले ही DST टीम ने उन्हें पकड़ लिया।


