भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में 4 से 8 फरवरी तक आयोजित पांचवीं इंडियन ओपन इंटरनेशनल किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में श्रीगंगानगर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित किया। ओक्सो मार्शल आर्ट्स क्लब की ओर से उतरी आठ सदस्यीय टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए कुल छह पदक अपने नाम किए। टीम में कुणाल ने एक रजत और अन्य पांच खिलाड़ियों ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीम में कुणाल शर्मा, राहुल बिश्नोई, मनविंदर सिंह, वीरेंद्र सिंह, नाजुक बिश्नोई, विनीता वर्मा, निर्मल भार्गव और राहुल सिहाग शामिल रहे। कांस्य पदक विजेताओं में वीरेंद्र सिंह, विनीता वर्मा, नाजुक बिश्नोई, मनविंदर सिंह और राहुल सिहाग ने अपने-अपने मुकाबलों में प्रभावी खेल का प्रदर्शन किया। सभी खिलाड़ियों ने तकनीक, फुर्ती और जुझारूपन के दम पर कड़े मुकाबलों से अपनी जगह बनाई। रजत पदक जीतने वाले कुणाल शर्मा (दाएं)। प्रतियोगिता की सबसे बड़ी उपलब्धि कृषि विभाग में कार्यरत कुणाल शर्मा के नाम रही। लगभग चार साल बाद प्रतिस्पर्धा किक बॉक्सिंग में वापसी करना उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने आत्मविश्वास और अनुशासन से इस चुनौती को अवसर में बदल दिया। नौकरी की व्यस्तता के बावजूद उन्होंने नियमित अभ्यास जारी रखा। फिटनेस पर विशेष ध्यान दिया और तकनीकी कमियों को दूर करने पर काम किया। लंबे अंतराल के बाद मैट पर उतरते ही कुणाल ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए मजबूत प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ा और रजत पदक हासिल किया। कुणाल शर्मा ने कहा कि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत में निरंतरता हो, तो परिस्थितियां आड़े नहीं आतीं। उन्होंने बताया कि सीमित समय में संतुलित अभ्यास और समर्पण का ही यह परिणाम है। उनकी यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा है कि जुनून और मेहनत के साथ किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। कुणाल वर्तमान में कृषि विभाग के कार्यलय उपनिदेशक कृषि रसायन राजकीय कीटनाशी प्रयोगशाला श्रीगंगानगर में कार्यरत हैं।


