भास्कर न्यूज| लुधियाना घर का किचन अगर साफ-सुथरा और व्यवस्थित रहे तो खाना बनाने का मजा और भी बढ़ जाता है, लेकिन अक्सर बर्तन, मसाले और रोजमर्रा का सामान इधर-उधर बिखरा रह जाता है, जिससे न सिर्फ जगह कम पड़ती है, बल्कि समय भी ज्यादा लगता है। ऐसे में किचन ऑर्गनाइजर्स आपकी इस परेशानी का आसान समाधान साबित हो सकते हैं। ये न केवल किचन को व्यवस्थित रखते हैं, बल्कि काम करने की गति भी दोगुनी कर देते हैं। अलग-अलग सामान के लिए तय जगह होने से बार-बार खोजने की झंझट नहीं रहती और किचन हमेशा सलीकेदार नजर आता है। किचन ऑर्गनाइजर्स न केवल सामान को व्यवस्थित रखते हैं, बल्कि सफाई को भी आसान बनाते हैं। इनसे काम जल्दी होता है और हर चीज हाथ में रहती है। अगर आप चाहते हैं कि आपका किचन हमेशा साफ, सुंदर और व्यवस्थित नजर आए तो किचन ऑर्गनाइजर्स का इस्तेमाल जरूर करें। यह छोटी-सी आदत आपके घर के माहौल में बड़ा बदलाव ला सकती है। मार्केट में किचन ऑर्गनाइजर्स के कई विकल्प उपलब्ध हैं। ड्रॉअर डिवाइडर से लेकर मसाला रैक, मल्टी-लेयर स्टोरेज स्टैंड, हुक्स और स्लाइडिंग बास्केट तक सबकुछ आसानी से मिल जाता है। छोटे किचन में वॉल माउंटेड ऑर्गनाइजर्स और हैंगिंग रैक बहुत काम आते हैं, क्योंकि ये कम जगह में ज्यादा सामान रखने की सुविधा देते हैं। मसालों के लिए स्पाइस ऑर्गनाइजर बॉक्स और लेबलिंग वाले जार काम को और आसान बना देते हैं। वहीं बड़े किचन के लिए कैबिनेट और पुल-आउट ट्रॉली बेहतरीन विकल्प हैं। कीमत की बात करें तो साधारण प्लास्टिक या स्टील ऑर्गनाइजर 200 रुपये से शुरू हो जाते हैं, जबकि डिजाइनर और मॉड्यूलर सेटअप हजारों रुपये तक में मिल सकते हैं।


