सरगुजा जिले के मैनपाट में किचन शेड में पढ़ रहे बच्चों के लिए नया स्कूल भवन बनेगा। कुदारीडीह पहुंचे कलेक्टर ने जंगलपारा के प्रायमरी स्कूल भवन के निर्माण को स्वीकृति दी है। वर्ष 2006 से स्कूल आंगनबाड़ी भवन एवं किचन शेड में चल रहा है। कलेक्टर ने पंचायत के सचिव को सस्पेंड कर दिया है और बीईओ मैनपाट को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। मैनपाट ब्लॉक में अन्य स्कूल भी भवनविहीन हैं और किराए के मकान व जुगाड़ में चल रहे हैं। कलेक्टर ने इन स्कूलों की लिस्ट मांगी है। मैनपाट अंतर्गत कुदारीडीह के जंगलपारा का प्रायमरी स्कूल वर्ष 2006 में खुला था। स्कूल भवन निर्माण के लिए स्वीकृति देते हुए राशि भी पंचायत को दी गई थी। तत्कालीन सरपंच-सचिव व ठेकेदार स्कूल भवन निर्माण की राशि आहरित कर खा गए। स्कूल भवन प्लिंथ लेबल तक ही बन सका। भवन के अभाव में बच्चे आंगनबाड़ी भवन में पढ़ रहे थे। बारिश के दौरान आंगनबाड़ी भवन में पानी रिसने के कारण किचन शेड में स्कूल लग रहा था। तीन कमरों के स्कूल भवन की स्वीकृत
किचन शेड में स्कूल के संचालन की खबर प्रकाशित होने के बाद गुरुवार को सरगुजा कलेक्टर विलास भोस्कर अन्य अधिकारियों के साथ जंगलपारा प्रायमरी स्कूल पहुंचे। कलेक्टर ने बच्चों एवं शिक्षकों के साथ ग्रामीणों से बात की। स्कूल में 29 बच्चे पढ़ते हैं। कलेक्टर ने तत्काल तीन कमरे का प्रायमरी स्कूल भवन एवं शौचालय बनाने का निर्देश आरईएस को दिया। मौके पर ले आउट भी शुरू करा दिया गया है। कलेक्टर ने स्कूल भवन का निर्माण तीन माह में पूरा कराने का निर्देश दिया है। इसके लिए राशि संभवतः DMF मद से दी जाएगी। बीईओ को नोटिस, सचिव सस्पेंड
मामले में अधिकारियों की लापरवाही को देखते हुए कलेक्टर विलास भोस्कर ने मैनपाट बीईओ योगेश शाही को नोटिस जारी किया है। उन्होंने बीईओ को भवन विहीन व सुधार की आवश्कता वाले सभी स्कूलों की सूची तत्काल देने का निर्देश दिया है। लापरवाही की शिकायत पर कलेक्टर ने पंचायत सचिव संदीप को निलंबित कर दिया है। मैनपाट में और भी स्कूल भवनविहीन
मैनपाट ब्लॉक में कई स्कूल भवन विहीन हैं। मैनपाट के ही जरहाडीह का प्रायमरी स्कूल भी भवन विहीन है। यहां दो शिक्षक पदस्थ हैं जो किराए के कच्चे मकान में स्कूल का संचालन कर रहे हैं। स्कूल में कुल 13 बच्चे अध्ययनरत हैं। बारिश में कच्चे मकान में पानी घुस जाता है तो स्कूल को बंद कर दिया जाता है। मैनपाट के ही कदनई में एक स्कूल तंबू में चल रहा है। मैनपाट पहुंचे कलेक्टर को अधिकारियों ने इन स्कूलों की जानकारी नहीं दी। हॉस्टल के छात्रों से मिले कलेक्टर
कलेक्टर विलास भोसकर ने सीतापुर ब्लॉक के आदर्श राजीव गांधी बालिका आश्रम सोनतराई, पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास सीतापुर, आदर्श पहाड़ी कोरवा बालक आश्रम बिजलहवा मैनपाट तथा पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास नर्मदापुर का निरीक्षण किया और छात्रों से बात की। उन्होंने भोजन चखकर गुणवत्ता की भी जांच की। कलेक्टर ने समस्याएं भी पूछीं। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, एसडीएम नीरज कौशिक, सहायक आयुक्त ललित शुक्ला व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


