सिटी रिपोर्टर | बोकारो बारी कोऑपरेटिव कॉलोनी स्थित किडजी प्री स्कूल में सत्र 2025-26 के नन्हें विद्यार्थियों के लिए भव्य रंगारंग ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन किया गया। समारोह में बच्चों को औपचारिक रूप से ग्रेजुएशन सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। नन्हें-मुन्नों की मुस्कान, रंग-बिरंगे परिधान और उत्साह ने पूरे माहौल को भावुक और उत्सव मय बना दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि होली क्रास स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. कीर्ति किरण रहीं। वहीं बीएसएल के सीजीएम एसआरयू संजय तिवारी एवं जीएम अनुपमा तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। विद्यालय की प्रिंसिपल रंजना सिंह ने अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए सत्र 2025-26 की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी साझा की। दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद नन्हे विद्यार्थियों की पासिंग आउट परेड ने अभिभावकों को भावुक कर दिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत राजस्थानी नृत्य रंगीलो मारो ढोलना और यहां के हम सिकंदर गीत पर आकर्षक प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा। तालियों की गूंज से पूरा सभागार गूंजता रहा। अपने संबोधन में डॉ. कीर्ति किरण ने कहा कि वर्तमान समय में अनुशासन और अभिभावकों का सकारात्मक मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताने और स्वयं आदर्श प्रस्तुत करने की अपील की। संजय तिवारी ने कहा कि हर बच्चा अपने आप में विशिष्ट है। उन्होंने अभिभावकों से अपेक्षाओं का अनावश्यक दबाव न बनाने और बच्चों को स्वाभाविक रूप से आगे बढ़ने देने की सलाह दी। विद्यालय के चेयरमैन मनु श्रीवास्तव ने कहा कि आत्मविश्वास अभ्यास और अवसर से विकसित होता है।


