किन्नौर के नालिंग-2 में मकान में लगी भीषण आग:ग्रामीणों की बचाई युवक की जान; धू-धूकर जला घर, परिवार को भारी नुकसान

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले की रूपी पंचायत के नालिंग-2 गांव में शुक्रवार सुबह एक दो मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा मकान जलकर राख हो गया। हालांकि, ग्रामीणों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से घर में सो रहे एक युवक की जान बच गई। सुबह 6:45 बजे लगी आग
जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 6 बजकर 45 मिनट पर हुई। बुद्ध राम के मकान में अचानक आग भड़क उठी, जो देखते ही देखते पूरे ढांचे में फैल गई। आग की लपटों ने रसोईघर सहित चार कमरों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने बचाई युवक की जान
आग लगने के समय मकान के निचले कमरे में बुद्ध राम का बेटा सुभाष सो रहा था। सुबह गांव के कुछ लोगों ने मकान से धुआं उठता देखा। उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और सुभाष को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग इतनी फैल चुकी थी कि उसे काबू में लाना मुश्किल हो गया। परिवार को भारी नुकसान
घटना के समय मकान मालिक बुद्ध राम बीमारी के कारण ज्यूरी में थे, जबकि उनकी पत्नी राम कली किसी काम से पास के गांव गई हुई थीं। घर में केवल सुभाष ही मौजूद था। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन इस घटना से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत रूपी के प्रधान रामेश्वर नेगी ने स्थानीय प्रशासन को सूचित किया। प्रशासन की ओर से राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है, जो नुकसान का आकलन कर रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को शीघ्र राहत और सहायता प्रदान करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *