नामकुम थाना क्षेत्र के महुआटोली स्थित किराए के घर में चल रहे अॉनलाइन ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने शनिवार को 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों का नाम अतुल राज, मििथलेश कुमार आैर अमरजीत कुमार है। अतुल मूल रूप से बिहार के नवादा स्थित हिसुआ का, जबकि मििथलेश व अमरजीत नालंदा स्थित कतरीसराय का रहने वाला है। तीनों आरोपी महुआटोली स्थित अमित कुमार के मकान में किराए पर रहकर अॉनलाइन ठगी का गिरोह चला रहे थे। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कहा है कि वे चोरी के मोबाइल में दूसरे व्यक्ति के नाम से निर्गत सिम कार्ड का इस्तेमाल कर फर्जी तरीके से बैंक खाता प्राप्त करते थे। फर्जी नंबर से ही सोशल मीडिया में पेज बनाकर लोन का विज्ञापन चलाते थे। इसके बाद फॉर्म का लिंक शेयर कर इच्छुक लोगों से पूरा विवरण प्राप्त कर लेते थे। पूरी जानकारी लेने के बाद फर्जी नंबर से ही फोन कर लोन अप्रूव करने से पहले जीएसटी व प्रोसेसिंग चार्ज के नाम पर पैसा ठगते थे। आरोपियों ने पुलिस को अन्य कई महत्वपूर्ण जानकारी दी है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


