भास्कर न्यूज | अमृतसर छेहर्टा के जंडपीर इलाके में किराए पर रहते बिहार के मोहम्मद मजीद की हत्या उसी के साथ रहने वाले दो युवकों ने सिर पर तेजधार हथियार से हमला कर की थी। मृतक के चचेरे भाई ने मकान मालिक पर ही शक जता दिया था, मगर जांच में मामला कुछ और ही निकला। छेहर्टा पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर लिया है। यह घटना तीन दिन पहले की है। पुलिस ने एक आरोपी को बुधवार की रात को ही काबू कर लिया था। जिसकी पहचान दशरथ कुमार निवासी बिहार के रूप में हुई है। हमलावरों और मरने वाले ने साथ ही बैठकर शराब पी। उसके बाद किसी बात को लेकर वह आपस में झगड़ पड़े। इस बीच मोहम्मद मजीद पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। दोनों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। एसएचओ विनोद शर्मा ने बताया कि कुछ लोगों ने मकान मालिक पर संदेह जताया था, मगर मामला किराएदारों के आपसी झगड़े का निकला।


