किराना कारोबारी से सोने की अंगूठी, कड़ा व नकदी लूटी, विरोध किया तो गोली चलाई

थाना लांबड़ा के अधीन आते गांव लल्लियां कलां में रविवार रात दो लुटेरों ने करियाना कारोबारी को लूट लिया। विरोध करने पर लुटेरों ने गोली भी चलाई। इससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। लुटेरे दुकानदार की सोने की अंगूठी, चांदी का कड़ा और करीब पांच हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। थाना लांबड़ा पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित प्रदीप कुमार पुत्र कोमल शर्मा निवासी गांव लल्लियां कलां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव के गेट के पास उनकी किराने की दुकान है। रविवार रात करीब 8 बजे वे और उनके पिता दुकान पर मौजूद थे। तभी एक बाइक पर सवार दो युवक उनके पास आए। एक युवक ने सिगरेट मांगी और लेकर चला गया। पांच मिनट बाद वह युवक बाइक कुछ दूर खड़ी करके वापस दुकान पर आया। लौटकर आए लुटेरे ने सीधे उनके पिता को धमकी देते हुए सारा सामान सौंपने को कहा। जब उनके पिता ने विरोध किया तो लुटेरे ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और लुटेरे ने अपना रिवॉल्वर निकालकर गोली भी चला दी। गोली की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। लुटेरे उनके पिता का चांदी का कड़ा, सोने की अंगूठी और 5000 रुपए लूटकर बाइक से नूरमहल की तरफ फरार हो गए। प्रदीप कुमार ने अपनी इनोवा गाड़ी से लुटेरों का पीछा शुरू कर दिया। पीछा होता देख बाइक के पीछे बैठे लुटेरे ने रिवॉल्वर प्रदीप की ओर तान दी, लेकिन उस समय लाइट बंद होने के कारण लुटेरा गोली नहीं चला सका और प्रदीप कुमार की जान बच गई। वारदात की पुष्टि करते हुए थाना लांबड़ा के एसएचओ गुरमीत राम ने बताया कि लुटेरों की शिनाख्त के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पुलिस जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *