लुधियाना| गिल रोड शिमलापुरी स्थित सिंगला करियाना स्टोर के मालिक मंगत दास से बुधवार रात एक बाइक सवार ने पैसों से भरा बैग लूट लिया। दुकानदार के शोर मचाने पर बाइक सवार एक राहगीर ने बहादुरी दिखाते हुए पीछा कर बदमाश की मोटरसाइकिल में टक्कर मारी और उसे गिराकर पकड़ लिया। वारदात को अंजाम देने वाला मंगत दास की दुकान का ही पुराना वर्कर निकला, जो करीब एक महीने पहले काम छोड़ चुका था। उसके साथ दो अन्य पूर्व कर्मचारी भी शामिल थे। लुधियाना| वीरवार देर शाम चार अज्ञात युवकों ने जालंधर बाईपास चुंगी के नजदीक किराना दुकानदार पर पिस्तौल और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। 69 वर्षीय जोगिंदर सिंह पर जानलेवा हमला करते हुए लुटेरों ने उनकी दुकान से करीब 2 लाख की नकदी लूट ली। गनीमत रही कि एक लुटेरे द्वारा चलाई गई गोली मिसफायर हो गई, जिससे दुकानदार की जान बच गई। घटना जस्सियां मोड़ के पास स्थित किराना दुकान में उस समय हुई, जब जोगिंदर सिंह अकेले दुकान में बैठे थे। पीड़ित ने बताया कि चारों युवक अचानक दुकान में दाखिल हुए। तीन ने पिस्तौल तान दी, जबकि एक ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। घायल जोगिंदर सिंह ने शोर मचाया, तो आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। लोगों को आता देख लुटेरे बाइक पर भागने लगे, लेकिन एक लुटेरा भीड़ के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी के अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।


