कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने शुक्रवार को अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में मेरा अपमान हुआ, अब राज में भी मेरा अपमान किया जा रहा है। आज का समय मिलावट का है। हां में हां करते जाएंगे तो रिश्ते लंबे चलेंगे। यही होता है। हां जी के दरबार में जो हां जी नहीं करेगा, वह मरेगा। मेरी हां कहने की आदत नहीं है। मैं जो कहता हूं, सच कहता हूं। इसके साथ ही किरोड़ी लाल मीणा ने दावा किया है कि पांच साल तक विपक्ष की भूमिका भी सिर्फ उन्होंने निभाई और उनके संघर्ष की वजह से भाजपा प्रदेश में सत्ता में आई है। वे विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। किरोड़ीलाल ने कहा- कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की बातों में नहीं जाता, लेकिन भ्रष्टाचार के मामले हैं। ऐसे मामले जिनमें युवा आज आस लगाए बैठा है, उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि बीसलपुर बांध से गाद निकालने का ठेका दिया। ढाई सौ किलोमीटर तक गाद नहीं बजरी निकाली जा रही है। 7 करोड़ रुपए की बजरी रोजाना निकाली जा रही है। हमारी आंखों के सामने निकाली जा रही है। ऐसे बहुत मामले हो रहे हैं। किरोड़ी के तेवर देखकर मंत्री बोले-उनकी बात सुनी जाएगी कानून मंत्री जोगाराम पटेल बोले- माफिया पर नकेल कसने का काम पूरा हो रहा है। पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार ने कार्रवाई की है, जो दोषी पाए गए हैं, उनको जेल में डाला है। सस्पेंड किया है। कांग्रेस राज में जिन-जिन परीक्षाओं में भ्रष्टाचार हुआ, उसके खिलाफ कार्रवाई हुई है। पायलट ने कसा तंज- जब से सरकार बनी, किरोड़ी दुविधा में
सचिन पायलट ने कहा – जब से सरकार बनी है किरोड़ी दुविधा में हैं, उन्होंने विपक्ष में रहते हुए मेहनत की थी, उसके अनुपात में उनको न पद मिला, न ही विभाग। इस्तीफा रिजेक्ट भी नहीं किया और स्वीकार भी नहीं किया। उनके साथ जो हो रहा है, उनसे पूछना बेहतर रहेगा। इतना ही कहना चाहता हूं चाहे SI भर्ती हो, चाहे ERCP का मुद्दा हो, उन्होंने अपनी बात को रखा, लेकिन क्या सरकार उनकी बात को सुन रही है? पहले भी अपनी सरकार पर सवाल खड़े कर चुके किरोड़ी, पढ़ें 2 बयान… 1. किरोड़ी बोले थे- मेरी सरकार में मेरे खिलाफ ही मामला दर्ज हुआ
राइजिंग राजस्थान से पहले 6 दिसंबर को मंत्री किरोड़ीलाल मीणा अपनी ही सरकार के खिलाफ हो गए थे। किरोड़ीलाल मीणा ने प्रेस क्लब में मीडिया से बात करते हुए कहा था- मेरी सरकार में मेरे ही खिलाफ मुकदमा दर्ज हो रहा है। सीआई कविता शर्मा इतनी असरदार है कि कांग्रेस के शासनकाल में भी उसका बाल बांका नहीं हुआ। अभी भी उस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। पढ़ें पूरी खबर 2. भाई की हार पर मंत्री किरोड़ी बोले थे-हमें घेरकर मारा गया
18 जनवरी को कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने विधानसभा उप चुनाव में अपने भाई जगमोहन मीणा की हार पर कहा था- हार-जीत एक जोड़ा है, सुख-दुख की तरह। चुनाव हार भी जाते हैं, जीत भी जाते हैं। आपने महाभारत देखा, जैसे अभिमन्यु को घेरकर सब मार रहे हैं, वैसे मारा गया है। अभिमन्यु को रास्ता याद होता तो बच जाता। हमको भी रास्ता याद नहीं रहा, इसलिए फंस गए और मर गए। पढ़ें पूरी खबर ….. ये भी पढ़ें किरोड़ीलाल बतौर मंत्री विधानसभा सेशन में शामिल नहीं होंगे:स्पीकर को चिट्ठी लिखकर मांगी अनुमति; दूसरे मंत्री देंगे उनके विभाग के सवालों के जवाब कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन में नहीं आएंगे। किरोड़ीलाल ने विधानसभा स्पीकर वासुदेव देवनानी को चिट्ठी लिखकर बजट सत्र के दौरान विधानसभा से गैरहाजिर रहने की अनुमति मांगी है। यह लगातार दूसरा मौका है, जब किरोड़ीलाल बजट सत्र के दौरान सदन में नहीं रहेंगे। वे पिछले बजट सत्र के दौरान भी पूरे समय विधानसभा नहीं आए थे। (पूरी खबर पढ़ें)


