किशनगढ़बास कस्बे में संचालित एक रैन बसेरे में मूलभूत सुविधाओं का अभाव पाया गया है। यह खुलासा राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर किए गए औचक निरीक्षण के दौरान हुआ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खैरथल-तिजारा के सचिव रनवीर सिंह के निर्देशानुसार पीलवी सूरजभान कछवाहा ने किशनगढ़बास के पुराने बस स्टैंड के पास स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण किया। इसके साथ ही खैरथल में पुरानी अनाज मंडी स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास संचालित रैन बसेरे का भी जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान, किशनगढ़बास के रैन बसेरे में ठहरने वाले यात्रियों के लिए पीने के पानी, शौचालय और स्नानागार में मौसमानुसार पानी की व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा किट और विशेष योग्यजनों, बच्चों व वरिष्ठ नागरिकों हेतु विशेष सुविधाओं का अभाव पाया गया। वहीं, खैरथल में अनाज मंडी स्थित रैन बसेरे में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गईं। हालांकि, इस रैन बसेरे के आसपास न्यूनतम दरों पर भोजन की व्यवस्था देखने को नहीं मिली।


