खैरथल में नाजायज संबंधों के शक में युवक का मर्डर:सुसाइड दिखाने के लिए रेलवे लाइन पर फेंका, दो आरोपी गिरफ्तार

खैरथल पुलिस ने एक युवक की हत्या की गुत्थी को 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की गला घोंटकर मर्डर किया था और फिर शव को सुसाइड दिखाने के लिए रेलवे लाइन पर फेंक दिया गया। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना 22 दिसंबर 2025 की रात की है। खैरथल कस्बे में रेलवे फाटक संख्या 92 के पास एक युवक का शव मिला था। मृतक की पहचान खैरथल के सकर कुई मोहल्ला निवासी रामू पुत्र सीताराम के रूप में हुई। खैरथल-तिजारा जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह और किशनगढ़बास डीएसपी लालसिंह के मार्गदर्शन में थाना अधिकारी रामकिशन के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और गुप्त सूचनाएं जुटाईं। गहन पूछताछ के बाद, आरोपी रोहित कुमार और किशन सैनी ने हत्या की वारदात को स्वीकार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक रामू, किशन सैनी के कोमल नामक युवती के साथ कथित नाजायज संबंधों का विरोध करता था। इसी रंजिश के चलते आरोपी रोहित कुमार और किशन सैनी ने मिलकर रामू की गला घोंटकर हत्या कर दी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रोहित कुमार (19 वर्ष), पुत्र सुरेश जाटव, निवासी वार्ड नं. 02, खैरथल, और किशन सैनी (25 वर्ष), पुत्र बाबूलाल सैनी, निवासी बुर्जा, थाना सदर अलवर के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में थाना अधिकारी रामकिशन, एएसआई करण सिंह, हेड कांस्टेबल रमेशचंद, बृजमोहन, कांस्टेबल विजय सिंह और संतोष कुमार शामिल थे। कांस्टेबल पुष्पेंद्र सिंह की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *