बांसवाड़ा। जिले के किसानों के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की पांचवीं किश्त का हस्तांतरण गुरुवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा सिरोही से किया गया। इसके तहत प्रत्येक पात्र किसान के बचत खाते में 1000 रुपए की राशि सीधे जमा की गई। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला मुख्यालय पर जनजातीय क्षेत्रीय विकास विभाग के जिला कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में किया गया, जिसमें 300 से अधिक किसान और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बांसवाड़ा जिले के कुल 1 लाख 87 हजार 609 किसानों के खातों में 18.76 करोड़ रुपए से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई। जिला स्तरीय कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव, कृषि विभाग के अधिकारी कैलाशचंद्र मीणा, उप पंजीयक योगेंद्रसिंह सिसोदिया, जिला नोडल अधिकारी एवं बैंक प्रबंध निदेशक परेश पंड्या सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने योजना के लाभार्थी लक्ष्मण और मणिलाल कटारा को प्रतीकात्मक चेक भेंट किए। जिला नोडल अधिकारी परेश पंड्या ने बताया कि प्रदेशभर में करीब 65 लाख किसानों को योजना का लाभ मिला है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को मिलाकर राज्य के किसानों को सालाना 9000 रुपए की सहायता मिलती है।


