किसान की बेटियों ने खेती संग पढ़ाई में किया कमाल:कोंडागांव की दो छात्राओं को पीएटी परीक्षा में मिली सफलता, कलेक्टर ने किया सम्मान

कोंडागांव जिले के फरसगांव विकासखंड की दो छात्राओं ने पीएटी (प्री-एग्रीकल्चर टेस्ट) परीक्षा में सफलता हासिल की है। शंकरपुर गांव की भूमिका पात्र और भूपेंद्री कश्यप ने यह उपलब्धि हासिल की है। दोनों छात्राएं किसान परिवार से हैं। परिवार की आय का मुख्य स्रोत खेती है। आर्थिक सीमाओं के बावजूद परिवार ने बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता दी। मंगलवार को दोनों छात्राओं ने कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना से मुलाकात की। कलेक्टर ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही आगे की पढ़ाई में हर संभव मदद का आश्वासन दिया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शंकरपुर में दोनों छात्राएं कृषि संकाय में पढ़ती हैं। यहां उन्हें आधुनिक और जैविक खेती की तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान मिला। विद्यालय के प्राचार्य सोमनाथ मरकाम और शिक्षक लेखराम कुजूर के मार्गदर्शन में स्कूल के प्रायोगिक फार्म पर विभिन्न फसलों की खेती की जाती है। प्रायोगिक फार्म में उगाई गई ताजी सब्जियां संकुल क्षेत्र के अन्य विद्यालयों में मिड-डे मील के लिए भेजी जाती हैं। इस मुलाकात के दौरान जनपद पंचायत फरसगांव के सीईओ रूपेन्द्र मरकाम भी मौजूद थे। दोनों छात्राओं का कहना है कि परिवार और शिक्षकों के निरंतर सहयोग से ही वे इस परीक्षा में सफल हो सकीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *