मऊगंज के हनुमना तहसील कार्यालय में मंगलवार दोपहर एक किसान ने आत्महत्या का प्रयास किया। तहसीलदार के एक फैसले से नाराज होकर किसान ने गले में रस्सी डालने की कोशिश की, जिससे कार्यालय में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं और किसानों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने समय रहते किसान को पकड़कर समझाया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई। जानकारी के अनुसार, किसान की पहचान खटखरी निवासी राजेश यादव के रूप में हुई है। उनका भूमि क्रमांक 3457/1 को लेकर लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा है। बताया गया है कि संबंधित भूमि पर तहसीलदार ने पहले स्टे आदेश जारी किया था, जिसे बाद में बिना पटवारी प्रतिवेदन के समाप्त कर दिया गया। इसी निर्णय से आहत होकर किसान ने यह कदम उठाया। आत्महत्या का प्रयास करने से पहले किसान न्याय की उम्मीद में एसडीएम कार्यालय पहुंचा था, लेकिन वहां से निराश होकर लौटते समय उसने तहसील कार्यालय में यह आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, किसान बेहद तनाव में था और अधिकारियों पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे तहसील कार्यालय में भारी पुलिस बल पहुंचा, जिसने स्थिति को संभाला और किसान को शांत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार और अन्य अधिकारियों ने किसान को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस आश्वासन के बाद किसान ने अपने आत्मघाती कदम से पीछे हटने पर सहमति व्यक्त की। प्रशासन अब पूरे मामले की समीक्षा कर रहा है, ताकि विवाद का स्थायी समाधान निकाला जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


