नरसिंहपुर के बरमान रेतघाट पर जिला पंचायत सीईओ से जुड़े अभद्रता और मारपीट के मामले में विरोध तेज हो गया है। बुधवार को किसान मजदूर महासंघ ने कलेक्टर के नाम डिप्टी कलेक्टर देवंती परते को ज्ञापन सौंपा। इसमें सीईओ के खिलाफ सख्त और उच्चस्तरीय कार्रवाई की मांग की गई है। सीईओ पर पुजारी और स्थानीय लोगों से मारपीट का आरोप ज्ञापन में जिला पंचायत नरसिंहपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) गजेंद्र नागेश पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। महासंघ का कहना है कि उन्होंने एक पुजारी और स्थानीय युवक ब्रजेश नौरिया के साथ अभद्रता और मारपीट की। महासंघ द्वारा दिए गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि यह घटना गत दिनों बरमान रेतघाट पर हुई थी। वहां उचित प्रसाधन व्यवस्था न होने के कारण एक पुजारी और ब्रजेश नौरिया ने रेत में पेशाब किया था। इसी बात पर सीईओ गजेंद्र नागेश ने कथित तौर पर बुजुर्ग पुजारी को धमकाया, डराया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग आरोप है कि सीईओ और उनके साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवक ब्रजेश नौरिया के साथ मारपीट भी की। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिले में अधिकारी की कार्यप्रणाली को लेकर व्यापक आक्रोश देखा जा रहा है। किसान मजदूर महासंघ ने प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। संगठन ने जनहित को ध्यान में रखते हुए सीईओ गजेंद्र नागेश को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त करने की भी अपील की। महासंघ ने स्पष्ट किया कि यह मांग किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि सामाजिक शांति और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है।


