शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र में एक किसान के साथ मारपीट और पेशाब पिलाने का आरोप सामने आया है। ग्राम मारौरा खालसा निवासी युवक ने दबंगों पर गवाही देने के कारण यह अमानवीय कृत्य करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का हाथ फैक्चर हो गया है। उसने शिकायत की कि बैराड़ थाने में दर्ज एफआईआर में गंभीर धाराएं नहीं जोड़ी गईं, जिसके बाद वह न्याय के लिए शनिवार को शिवपुरी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। युवक के अनुसार, उसने गांव के जनवेद धाकड़ से जुड़े एक पुराने विवाद में जनवेद के पक्ष में गवाही दी थी। इसी बात से नाराज होकर कप्तान धाकड़, बलवीर धाकड़, दामो धाकड़, छत्रसिंह धाकड़, राहुल धाकड़, अभिषेक धाकड़, रोकी धाकड़ और उत्तम धाकड़ उस पर गवाही पलटने का दबाव बना रहे थे। पीड़ित ने बताया कि इस संबंध में उसने पहले भी बैराड़ थाने और पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायतें दी थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मारपीट करने के बाद पेशाब पिलाई
पीड़ित ने घटना का विवरण देते हुए बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6 बजे वह गांव में एक कार्यक्रम में जा रहा था। कप्तान धाकड़ के घर के सामने पहुंचते ही आरोपियों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बंटी धाकड़ के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में उसका हाथ फैक्चर हो गया और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि मारपीट के बाद कप्तान धाकड़ और उत्तम धाकड़ ने उसे पेशाब पिलाई और जान से मारने की धमकी भी दी। उसके शोर मचाने पर गांव के अंगद धाकड़ और परसराम धाकड़ मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर भाग गए। इस घटना के संबंध में थाना बैराड़ में 6 फरवरी 2026 को एफआईआर क्रमांक 0053 दर्ज की गई है। हालांकि, पीड़ित का आरोप है कि एफआईआर में फैक्चर से संबंधित धाराएं, जानलेवा हमला और अमानवीय कृत्य से जुड़ी गंभीर धाराएं शामिल नहीं की गई हैं। गांव से बेदखल करने की धमकियां दे रहे
पीड़ित का कहना है कि सभी आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं, जिनके खिलाफ पूर्व में भी गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उसे, उसके परिवार व गवाहों को जान से मारने तथा गांव से बेदखल करने की धमकियां दे रहे हैं। थाना स्तर पर न्याय न मिलने से परेशान पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय शिवपुरी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, प्रकरण में गंभीर धाराएं बढ़ाने और स्वयं व परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस बोली- जांच में ऐसी घटना सामने नहीं आई
इस मामले में बैराड़ थाना प्रभारी सुरेश शर्मा का कहना है कि फरियादी की शिकायत पर पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घटना गांव में चल रही तेरहवीं के दौरान हुई थी, जहां फरियादी खाना खाने पहुंचा था। इसी दौरान उसके साथ विवाद के बाद मारपीट हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि मारपीट के समय मौके पर कई लोग मौजूद थे और घटना सबके सामने हुई है। पुलिस के अनुसार, फरियादी द्वारा लगाए गए पेशाब पिलाने के आरोप निराधार हैं, जांच में ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई है। मामले की विवेचना की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


